PM Narendra Modi 18 जुलाई को आएंगे मोतिहारी, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की तैयारियों की समीक्षा
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मोतिहारी में 18 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने गांधी मैदान स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। प्रधानमंत्री जिले और राज्य के लिए विकास योजनाओं की घोषणा करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल होंगे।

जागरण संवाददाता, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। PM Bihar visit: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने बिहार दौरे के क्रम में 18 जुलाई को मोतिहारी आएंगे। उनकी यात्रा को लेकर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को तैयारियों की समीक्षा की।
सांसद राधामोहन सिंह के साथ उप मुख्यमंत्री ने गांधी मैदान में कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया व अधिकारियों से बात की। कार्यक्रम स्थल के अलावा हेलीपैड का भी निरीक्षण किया। कहा कि प्रधानमंत्री 18 जुलाई को गांधी मैदान से जिलेवासियों को संबोधित करेंगे। वे जब भी बिहार आए हैं तो राज्य के लोगों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। इस बार भी जब चंपारण आएंगे तो वे जिले व राज्य के लिए बड़ी योजनाओं की घोषणा करेंगे। साथ ही देश के विकास में बिहार के योगदान के बारे में भी बताएंगे।
कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक की गई है। जिसमें कार्यक्रम की तैयारी व सुरक्षा व्यस्था पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि पीएम ने बिहार को बहुत कुछ दिया है। पूर्व में बिहार को विशेष पैकेज के तहत सात हजार करोड़ की अतिरिक्त राशि देकर बिहार के विकास को नई दिशा दी है।
18 जुलाई को प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। उप मुख्यमंत्री के साथ मंत्री कृष्णनंदन पासवान, विधायक प्रमोद कुमार, मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा, डीजीपी विनय कुमार, डीआइजी हरकिशोर राय, डीएम सौरभ जोरवाल, एसपी स्वर्ण प्रभात, नगर आयुक्त सौरभ सुमन यादव आदि मौजूद थे। इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री के आगमन पर पुलिस लाइन में गार्ड आफ आनर दिया गया। उपमुख्यमंत्री करीब एक घंटा तक रुके व हेलिकाप्टर से वापस पटना के लिए रवाना हो गए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।