भारतीय पासपोर्ट के साथ नेपाली नागरिक गिरफ्तार, कई सालों से दिल्ली काट रहा था ऐश; जांच में जुटी पुलिस
पूर्वी चंपारण के रक्सौल में भारत-नेपाल सीमा पर हरैया पुलिस ने एक नेपाली युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से भारतीय पासपोर्ट और नेपाली नागरिकता दोनों बरामद हुए। युवक दिल्ली में रह रहा था। दोहरी नागरिकता कानूनन अपराध है इसलिए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, रक्सौल (पूच)। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा जांच के दौरान हरैया पुलिस और इमीग्रेशन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एक नेपाली युवक को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से भारतीय पासपोर्ट और नेपाली नागरिकता दोनों बरामद किए गए, जिससे उसकी गतिविधियों पर गंभीर संदेह उत्पन्न हो गया है।
थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने सीमा के मुख्य मार्ग से रक्सौल प्रवेश कर रहे संदिग्ध युवक की तलाशी ली। उसकी पहचान नेपाल के कैलाली जिला, धनगढ़ी वार्ड नंबर-3 निवासी नरामी कोर उर्फ रामसिंह कुमार के पुत्र धनबहादुर कुमार उर्फ धनसिंह कुमार के रूप में हुई।
दिल्ली में रह रहा था युवक
जानकारी के अनुसार युवक पिछले कुछ वर्षों से दिल्ली के गुरुग्राम क्लब, महरौली-6 इलाके में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से भारतीय पासपोर्ट (संख्या-717942) बरामद हुआ, जो वर्ष 2016 में जारी हुआ था और 2026 तक वैध है। इसके अलावा उससे नेपाली नागरिकता प्रमाणपत्र और दोनों देशों के अन्य कागजात भी जब्त किए गए।
दोहरी नागरिकता कानूनन अपराध
अधिकारियों के अनुसार किसी भी व्यक्ति के पास एक साथ दो देशों की नागरिकता संबंधी कागजात होना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों का संबंध अक्सर सीमा सुरक्षा, मानव तस्करी या जाली दस्तावेजों के इस्तेमाल से जुड़ा पाया जाता है।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पुलिस ने बताया कि युवक नेपाल जाने के क्रम में सीमा शुल्क क्षेत्र के समीप पकड़ा गया। उसके विरुद्ध हरैया थाना में कांड संख्या 102/025 दर्ज कर लिया गया है। उसे न्यायिक हिरासत में मोतिहारी भेज दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक ने भारतीय पासपोर्ट कैसे हासिल किया और उसका उपयोग किन-किन स्थानों पर किया गया। साथ ही उसके दिल्ली और नेपाल में संभावित संपर्कों की भी गहन जांच की जा रही है।
सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा चुनौती
स्थानीय स्तर पर इस गिरफ्तारी को गंभीर माना जा रहा है। लोगों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्र में पासपोर्ट और नागरिकता जैसे संवेदनशील दस्तावेजों का दुरुपयोग सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय बनता जा रहा है। पुलिस और जांच एजेंसियां इस मामले में हर पहलू की पड़ताल कर रही हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।