नेपाल के पूर्व पीएम के घर में बने सुरंग से कैश-सोना बरामद, चौथे दिन भी रक्सौल बॉर्डर पर आवाजाही बंद
नेपाल में जेनजी आंदोलन का प्रभाव चौथे दिन भी जारी रहा जिससे देश के कई हिस्सों में कर्फ्यू लगा रहा। भारत से नेपाल में प्रवेश करने वाले विदेशी नागरिकों पर प्रतिबंध है लेकिन कुछ विशेष परिस्थितियों में लोगों को प्रवेश मिल रही है। इस बीच पूर्व प्रधानमंत्री शेरबहादुर देउवा के घर से सोना और कैश बरामद होने की खबर है जिससे राजनीतिक माहौल और भी गर्मा गया है।

जागरण संवाददाता, इंडो-नेपाल बार्डर। नेपाल में जारी जेनजी आंदोलन का प्रभाव लगातार चौथे दिन भी नेपाल पर प्रभावी रहा। आंदोलन की आग से नेपाल पूरी तरह अभी आजाद नहीं हो पाया है।
लगातार चौथे दिन निषेधाज्ञा के साथ नेपाल के प्रमुख मार्ग व शहरों में कर्फ्यू लागू रहा। इस कारण भारत के बिहार से होकर नेपाल में प्रवेश करने के सभी रास्तों पर विदेशी नागरिकों की आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध है।
इस बीच नेपाल के वैसे लोग जो किन्हीं कारणों से भारत या अन्य देशों से स्वदेश लौट रहे हैं, उनके लिए एडवाइजरी जारी की गई। नेपाल से सटे पूर्वी चंपारण के रक्सौल बॉर्डर से नेपाल में उन्हीं लोगों को प्रवेश मिल रही है, जो या तो बीमार हैं। या फिर किसी अन्य आपात स्थिति में नेपाल की ओर लौटना चाह रहे हैं।
उन्हें नेपाल सशस्त्र सीमा बल व सेना के अधिकारियों के स्तर पर जांच के बाद ही अपने देश में प्रवेश मिल रहा है। सूत्रों के मुताबिक करीब तीन लाख से अधिक भारतीय लोग नेपाल के विभिन्न इलाकों में फंसे हैं। ये वो लोग जो नेपाल स्थित अपनी रिश्तेदारी अथवा पर्यटन के लिहाज से नेपाल गए थे।
वहीं नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री शेरबहादुर देउवा के काठमांडू स्थित आवास में बने गुप्त सुरंग से बोरियों में भरकर रखा गया कैश और सोना बरामद होने की सूचना है। सूत्रों के अनुसार घर के नीचे बनी सुरंगनुमा तहखाना बना था। इस सुरंग तक आंदोलनकारी नहीं पहुंच पाए थे। आंदोलनकारियों के हमले में देउवा व उनकी पत्नी जख्मी हो गए थे।
जेनजी ने उनके घरों को आग के हवाले कर दिया था। घटना के बाद चार कमरों में रखे गए नोट जले थे। इस घटना के बाद जब जांच की गई तो कैश व सोना मिला। बड़ी बरामदगी की जानकारी मिलते ही देउवा निवास के आसपास स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाबलों को मोर्चा संभालना पड़ा।
यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब नेपाल में भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन चरम पर है। सुरंग से बरामद संपत्ति ने राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया है। आधिकारिक एजेंसियों की ओर से अब तक इस मामले पर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक करनेवाली हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।