Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar News: पकड़ीदयाल में युवक की गला दबाकर हत्या, पुल के नीचे मिला शव!

    पूर्वी चंपारण के पकड़ीदयाल में जितेंद्र कुमार नामक एक युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। 26 वर्षीय जितेंद्र अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली से गांव आया था और मंगलवार को घर से निकला था। बुधवार सुबह उसका शव पुल के नीचे मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

    By Ajay K. Pandey Edited By: Mukul Kumar Updated: Wed, 04 Jun 2025 12:24 PM (IST)
    Hero Image
    पकड़ीदयाल में युवक की गला दबाकर हत्या

    संवाद सहयोगी, पकड़ीदयाल (पूर्वी चंपारण)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र में एक युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शव को पुल के नीचे फेंक दिया गया।

    मृतक की पहचान थरबिटिया गांव निवासी जगनारायण साहनी के पुत्र जितेंद्र कुमार (26) के रूप में हुई है। घटना नवादा मुख्य सड़क पर स्थित एक पुल के पास की है।

    मृतक के बड़े भाई चंदेश्वर सहनी ने बताया कि जितेंद्र दिल्ली में एक ठेकेदार चैता गांव के बिल्ला बैठा के साथ काम करता था और वह दिल्ली जाने वाला था।

    मंगलवार की शाम वह घर से निकला। बताया था कि वह ठेकेदार के पास जा रहा है और वहीं से दिल्ली रवाना होगा।

    बुधवार सुबह सूचना मिली कि पुल के नीचे एक शव पड़ा है। जब स्वजन मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान जितेंद्र के रूप में की।

    चंदेश्वर सहनी के अनुसार, शव मिलने की जगह से कुछ दूरी पर स्थित ताड़ी की दुकान पर बीती रात मारपीट हुई थी।

    क्या बोले घर के लोग?

    स्वजन को संदेह है कि उसी झगड़े के दौरान जितेंद्र की गला दबाकर हत्या की गई और शव को फेंक दिया गया। मृतक के पिता जगनारायण सहनी ने बताया जितेंद्र दिल्ली से 19 मई को बहन की शादी में शामिल होने के लिए गांव आया था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बहन की शादी 23 मई को संपन्न हुई थी। शादी के बाद वह वापस दिल्ली जाने की तैयारी में था। उसकी हत्या किसने की, क्यों की, इसकी जानकारी नहीं है। 

    सूचना मिलते ही पकड़ीदयाल इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष अशोक साह दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    पकड़ीदयाल एएसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है।

    शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।