बापूधाम मोतिहारी स्टेशन के सामने से हटेंगे कुली भवन और प्राइमरी स्कूल, जीएम ने गंदगी देख लगाई फटकार
Motihari Station Amrit Bharat Yojana: पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डिंपी गर्ग ने बापूधाम मोतिहारी स्टेशन का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने छठ के बाद भीड़ और सुरक्षा का जायजा लिया।

छठ महापर्व के बाद स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ और सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। Bapudham Motihari Station GM Inspection: पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) डिंपी गर्ग ने बुधवार को विशेष ट्रेन से मुजफ्फरपुर से विंडो निरीक्षण करते हुए बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन का दौरा किया।
उन्होंने छठ महापर्व के बाद स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ और सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश, आरपीएफ के आईजी अमरेश कुमार, कमांडेंट विनित कुमार समेत हाजीपुर और समस्तीपुर मुख्यालय के कई वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
अवैध रास्ता देख भड़के जीएम
निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक डिंपी गर्ग ने प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर यात्रियों के लिए बनाए गए होल्डिंग एरिया का निरीक्षण किया, जहां की व्यवस्था से वह संतुष्ट नजर आए।
हालांकि, इसके बाद जब उनकी नजर स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से कुछ घरों के आने-जाने के लिए बनाए गए अवैध रास्ते पर पड़ी, तो नाराज हुए। उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से इसे खतरनाक बताते हुए अविलंब उस रास्ते को पूरी तरह बंद कर वहां मजबूत चहारदीवारी का निर्माण कराने का सख्त निर्देश दिया।
साइकिल स्टैंड हटाने का निर्देश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत बापूधाम मोतिहारी स्टेशन को विश्वस्तरीय स्वरूप देने के लिए तेजी से विकास कार्य चल रहे हैं।
इसी कड़ी में जीएम ने स्टेशन के सामने स्थित रेलवे प्राइमरी विद्यालय और कुली भवन को अन्यत्र शिफ्ट करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि स्टेशन के सौंदर्यीकरण और विस्तार के लिए इन दोनों का यहां से हटना अनिवार्य है।
इसके अलावा, स्टेशन के ठीक सामने बने साइकिल स्टैंड को भी तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर स्थित यूरिनल (शौचालय) में गंदगी देखकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई और साफ-सफाई में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।
जल्द होगा जीवधारा वाशिंग पिट का काम
निरीक्षण के पश्चात मीडिया से बातचीत करते हुए महाप्रबंधक ने बताया कि अमृत भारत योजना के तहत बापूधाम स्टेशन पर निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
जीवधारा में बन रहे वाशिंग पिट के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि निर्माण का कुछ ही हिस्सा शेष रह गया है, जिसे जल्द ही पूरा कर चालू कर दिया जाएगा। इसके शुरू हो जाने से मोतिहारी से ट्रेनों के रखरखाव और संचालन में काफी सहूलियत होगी।
इस हाई-प्रोफाइल निरीक्षण के दौरान स्टेशन अधीक्षक राजीव कुमार, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक हरिशंकर भक्त, यातायात निरीक्षक विनोद कुमार, पोस्ट कमांडर भरत प्रसाद, गोकलेश पाठक और वाणिज्य अधीक्षक संजय कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- समस्तीपुर जंक्शन पहुंचे पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक, मुख्य द्वार पर जाम देख जताई नाराजगी
यह भी पढ़ें- तीसरी और चौथी लाइन बिछने के बाद ही चलेंगी दिल्ली-बेंगलुरु की सीधी ट्रेनें, धनबाद दौरे पर बोले रेल GM
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।