विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर जंक्शन पहुंचे पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक, मुख्य द्वार पर जाम देख जताई नाराजगी

Published: Fri, 13 Nov 2026 01:47 PM (GMT+05:30)

Samastipur Junction Chhath Preparation: पूर्व मध्य रेलवे की महाप्रबंधक डिंपी गर्ग ने समस्तीपुर जंक्शन का दौरा कर छठ महापर्व की तैयारियों, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

समस्तीपुर पहुंचने पर महाप्रबंधक का स्वागत करते डीआरएम।

समस्तीपुर पहुंचने पर महाप्रबंधक का स्वागत करते डीआरएम। 

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Dimpy Garg GM ECR Samastipur: छठ महापर्व को लेकर रेलवे की ओर से की जा रही तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के महाप्रबंधक डिंपी गर्ग समस्तीपुर जंक्शन पहुंचे।

वे विंडो ट्रेलिंग करते हुए समस्तीपुर पहुंचे जहां मंडल रेल प्रबंधक (DRM) ज्योति प्रकाश मिश्रा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद महाप्रबंधक ने जंक्शन परिसर का बारीकी से निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान स्टेशन के मुख्य द्वार पर लगने वाले जाम और साफ-सफाई की स्थिति को देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में तुरंत सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए।

मुख्य द्वार पर जाम से असंतोष

निरीक्षण की शुरुआत में महाप्रबंधक ने सबसे पहले जंक्शन के मुख्य द्वार और सर्कुलेटिंग एरिया का जायजा लिया। मुख्य द्वार पर वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और उसकी वजह से लगने वाले जाम को देखकर उन्होंने विशेष रूप से असंतोष व्यक्त किया।

आगामी छठ पर्व के दौरान देश के विभिन्न राज्यों और महानगरों से घर लौटने वाले प्रवासियों के कारण यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।

इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने प्रवेश और निकास द्वारों पर यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू रखने के लिए रेलवे अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अमृत भारत योजना की समीक्षा

इसके बाद महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर में छठ पर्व के मद्देनजर बनाए जा रहे विशेष 'होल्डिंग एरिया' का भी निरीक्षण किया। पर्व के दौरान अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों के सुचारु ठहराव के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का उन्होंने जायजा लिया तथा निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने को कहा।

इसके साथ ही उन्होंने समस्तीपुर जंक्शन पर 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत चल रहे आधुनिक पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर विकसित की जा रही नई यात्री सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ चर्चा की।

कारखाना निरीक्षण के बाद दरभंगा रवाना

स्टेशन परिसर और यात्री सुविधाओं का निरीक्षण करने के बाद महाप्रबंधक ने समस्तीपुर रेल कारखाने का भी दौरा किया। वहां उन्होंने कारखाने में चल रहे तकनीकी कार्यों और उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

महाप्रबंधक के इस अचानक और औचक दौरे को लेकर मंडल के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न विभागों के कर्मी पूरी तरह मुस्तैद नजर आए।

सभी निरीक्षण कार्यों को पूरा करने के बाद महाप्रबंधक डिंपी गर्ग विंडो ट्रेलिंग करते हुए अगले पड़ाव यानी दरभंगा के लिए रवाना हो गईं।

यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: छठ पर दरभंगा, बरौनी और रक्सौल के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, कई गाड़ियां रहेंगी रद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।