Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दुल्हन ने जयमाला के बाद किया शादी से इनकार, अपने दूल्हे से नहीं थी ऐसी उम्मीद! जब सबके सामने...

    Updated: Fri, 30 May 2025 02:44 PM (IST)

    पूर्वी चंपारण के पताही में जयमाला के बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया क्योंकि दूल्हा पैसे गिनने में असमर्थ था। इससे नाराज़ ग्रामीणों ने दूल्हे और उसके परिवार को बंधक बना लिया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर उन्हें मुक्त कराया। दुल्हन का कहना था कि जो व्यक्ति पैसे नहीं गिन सकता वह उसका साथ कैसे निभाएगा।

    Hero Image
    दुल्हन ने शादी से किया इनकार, दूल्हे और परिजनों को बनाय बंधक

    संवाद सहयोगी, पताही। थाना क्षेत्र के पताही पूर्वी पंचायत में बुधवार की रात उस समय अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई जब जयमाला के बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। मामला इतना गरमा गया कि बरात लेकर आए दूल्हा समेत उसके स्वजनों को ग्रामीणों द्वारा बंधक बना लिया गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जानकारी मिलने पर गुरुवार को मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हा और उसके स्वजनों को मुक्त कराकर किसी तरह मामले को शांत कराया। जानकारी के अनुसार, घोड़ासहन थाना क्षेत्र के कदमवा गांव से बरात पताही पूर्वी पंचायत में आई थी। रात में धूमधाम से जयमाला का कार्यक्रम हुआ।

    सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन इसी बीच एक ऐसा मोड़ आया जिसने सभी को हैरान कर दिया। बताया जाता है कि जयमाला के बाद लड़की पक्ष की ओर से एक परंपरा के तहत दूल्हे को पैसे गिनने के लिए दिए गए, लेकिन दूल्हा पैसा सही से नहीं गिन पाया।

    इसी बात को लेकर दुल्हन ने नाराजगी जाहिर की और शादी करने से मना कर दिया। लड़की का कहना था कि जो व्यक्ति पैसे तक सही से नहीं गिन सकता, वह जीवनभर उसका साथ कैसे निभाएगा? दुल्हन के इनकार के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।

    लड़की पक्ष के लोगों के साथ ग्रामीणों ने दूल्हे, उसके पिता व भाइयों समेत अन्य बरातियों को घर में ही रोक लिया। स्थिति को संभालने के लिए काफी देर तक कोशिशें होती रहीं, लेकिन कोई हल नहीं निकल सका। गुरुवार को थानाध्यक्ष विनीत कुमार को पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और स्थिति काे संभाला।

    थानाध्यक्ष ने दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत की, लेकिन सहमति नहीं बन पाई। अंतत: पुलिस ने दूल्हा और उसके स्वजनों को मुक्त कराकर उनके गांव रवाना कर दिया।

    यह मामला पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटनाएं अब आम हो रही हैं, इसलिए शादी जैसे पवित्र रिश्ते में समझदारी और जांच-परख जरूरी हो गई है। -