फ्रांस में पहली बार एफिल टावर के पास मनाया गया छठ, नाव में सवार होकर सूर्यदेव को दिया गया अर्घ्य
पेरिस में पहली बार एफिल टावर के पास सीन नदी में Chhath Puja 2026 का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें 150 व्रतियों ने नौका पर अर्घ्य दिया।

पेरिस में मनाया गया छठ महापर्व। फोटो बिहार स्पंदन
HighLights
पेरिस में पहली बार सीन नदी पर छठ पूजा।
एफिल टावर के पास 150 व्रतियों ने दिया अर्घ्य।
'गंगा से सीन तक: एक साझा विरासत' थीम पर आयोजन।
संजय कुमार उपाध्याय, मोतिहारी। Chhath Puja in France: भागीरथ प्रयास से धरती पर उतरी गंगा, अवधपुरी की सरयू ..., यमुना, नारायणी, कोशी, बागमति सहित भारतवर्ष की सभी नदियां ... सभी प्राकृतिक व कृत्रिम जलाशयों पर लोक आस्था के महापर्व छठ पर आलोकित ज्योति कलश से निकली ऊर्जा का प्रताप यूरोप के पेरिस में दिखा।
भारत वर्ष में जब नदियों की कलकल धारा पर आस्था हिलोरे मार रही थी तभी फ्रांस की राजधानी पेरिस स्थित एफिल टावर के समीप सीन नदी पर भरतवंशियों ने संस्कार व संस्कृति की ज्योति जलाई।
पेरिस में छठ https://t.co/ZDKcJN3kBi
— जागरूक बिहार (@KBjagran) November 15, 2026
पेरिस में रह रहे भारतीय लोगों ने प्रकृति पर्व को पूरी निष्ठा के साथ मनाया। व्रतियों ने अपने-अपने घरों में छठ का प्रसाद तैयार किया।
सूर्योपासना के पर्व को पवित्र मन से परंपरागत तरीके से मनाया। प्रकृति उत्सव के व्रत के लिए परंपरागत ठेकुआ बनाने के काम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपना श्रम लगाया।

फल व अन्य आवश्यक पूजा सामग्रियों को संजोने के काम में भी साझा परिश्रम किया। भारतीय समय के अनुसार रात के करीब 9:40 बजे व्रती सीन नदी के तट पर पहुंचेंगे।
एतिहासिक है ये कार्यक्रम
यह पहली बार है जब पेरिस के एफिल टावर के पास सीन नदी में संस्कृति के उत्थान के लिए बोट उतरेंगे। बिहार स्पंदन व बिहार फाउंडेशन के तत्वावधान में लोक आस्था के महापर्व को स्मरणीय बनाने के लिए एफिल टावर के सामने ‘गंगा से सीन तक : एक साझा विरासत’ का आयोजन किया जा रहा।
सामूहिक अनुष्ठान के इस अवसर पर 150 व्रती नौका पर अर्घ्य दे रहे हैं। नई पीढ़ी को संस्कार व संस्कृति के महापर्व के सांस्कृतिक व प्राकृतिक महत्व से अवगत कराया जा रहा है। साथ ही लोक परंपरा के गीतों की भी प्रस्तुति मन को संस्कार व संस्कृति से जोड़ेगी।
पेरिस में बिहार स्पंदन के सचिव राजेश कुमार बताते हैं - छठ पूजा पवित्रता, कृतज्ञता और प्रकृति के साथ गहरे सामंजस्य का पर्व है। इसका संदेश पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक है।
महापर्व को वैश्विक पहचान और महत्व मिलने के बाद, गंगा की पवित्र परंपराओं को एफिल टावर के ठीक सामने सीन नदी के जल तक पहुंचाना फ्रांस में रहने वाले प्रत्येक भारतीय के लिए अत्यंत भावुक और गर्व का क्षण है। यह हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत का सच्चा उत्सव है।
बिहारी माटी की महक पेरिस में प्रकृति पर्व में रखा पर्यावरण नियमों का ध्यान
पेरिस में पहली बार प्रकृति पर्व के उत्सव को लेकर होनेवाले कार्यक्रम में बिहारी अनुशासन की झलक दिखी। बिहारी माटी के लोगों के सत्कर्मों की महक से एफिल टावर व सीन नदी का किनारा सुवासित रहा।
आयोजन में लगे बिहार स्पंदन व बिहार फाउंडेशन से जुड़े गया निवासी राजेश कुमार, राधिका सिंह, बक्सर के अमित कुमार पांडेय, मोकामा के अभिषेक कुमार पांडेय, मोतिहारी निवासी सत्यम कुमार, रत्ना प्रिया, पटना के प्रवीण कुमार, किसलय सिंह आदि छठ पूजा के अनुष्ठान में जिस पवित्रता व अनुशासन का पालन किया जाता है, उस तथ्य से सबको अवगत करा रहे।
आयोजन के दौरान आयोजक मंडल के सभी सदस्य पर्यावरण संरक्षण से प्रकृति के इस पर्व को जोड़कर आयोजित कर रहे। फ्रांस के कानून व नियमों के अनुरूप संस्कृति का उत्सव सीन नदी पर मनाया जा रहा। इसके लिए अर्घ्य में शामिल हो रहे 150 लोगों के अतिरिक्त सभी संबंधित लोगों को जरूरी मार्गदर्शन दिए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।