विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेतिया में छठ घाट के पास स्कॉर्पियो ने मचाया कोहराम, दुकान में नाश्ता कर रहे 2 युवकों की मौत; 7 घायल

Published: Sun, 15 Nov 2026 09:00 PM (GMT+05:30)

बेतिया के लालसरैया चौक पर छठ घाट के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो दुकान में जा घुसी, जिससे खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती मरीज। फोटो जागरण

हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती मरीज। फोटो जागरण

HighLights

  1. बेतिया में छठ घाट के पास स्कॉर्पियो दुकान में घुसी।

  2. हादसे में दो युवकों की मौत, सात लोग गंभीर घायल।

  3. स्कॉर्पियो सवार दो लोग पकड़े गए, पुलिस जांच जारी।

जागरण संवाददाता, बेतिया। लोक आस्था के महापर्व छठ पर रविवार की शाम लालसरैया चौक पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने खुशियों के माहौल में मातम फैला दिया।

मझौलिया थाना क्षेत्र में एनएच-727 पर अनियंत्रित स्कॉर्पियो छठ घाट से महज 30 मीटर दूर सड़क किनारे एक दुकान में जा घुसी। इस दौरान वाहन की चपेट में आकर सात लोग घायल हो गए।

इनमें दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घायलों में एक दंपती और उनके दो बच्चे भी शामिल हैं। हादसा रविवार शाम करीब पांच बजे हुआ।

उस समय छठ घाट पर व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी कर रहे थे। वहीं, कुछ लोग पास की दुकान में चाय-नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर लोगों को रौंदते हुए दुकान में घुस गई।

अचानक हुई इस घटना से घाट और आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। लोग घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े। मृतकों की पहचान मो. ओसामा (26), पिता मो. नियाज, निवासी लिबर्टी सिनेमा के सामने, नगर थाना क्षेत्र और मो. खालिद (26), पिता मो. शोएब, निवासी द्वारदेवी चौक, मदरसा के सामने के रूप में हुई है।

घायलों में लालसरैया निवासी सरकारी शिक्षक अशोक कुमार चौधरी, उनकी पत्नी ललिता चौधरी (41), बेटी आराध्या (12), बेटा अनमय चौधरी (7) और विनोदचंद्र सील (60) शामिल हैं।

इसके अलावा वीरेंद्र सील समेत अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी है। अशोक चौधरी का परिवार छठ पर्व देखकर बाइक से घर लौट रहा था।

हादसे में परिवार के चारों सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद अशोक चौधरी, उनकी पत्नी, बेटी और बेटे को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो में सवार तीन लोगों में से दो को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची मझौलिया पुलिस ने घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से जीएमसीएच बेतिया पहुंचाया।

पुलिस ने अर्थमूवर (जेसीबी) की मदद से स्कॉर्पियो को दुकान से बाहर निकलवाकर जब्त कर लिया। घटनास्थल से तीन क्षतिग्रस्त बाइक भी बरामद की गई हैं।

यह भी पढ़ें- बिहार के मंत्री के संजय टाइगर के घर में चोरी, लाखों के जेवरात और नकदी ले उड़े चोर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।