विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के मंत्री के संजय टाइगर के घर में चोरी, लाखों के जेवरात और नकदी ले उड़े चोर

Published: Sun, 15 Nov 2026 08:52 PM (IST)

राजधानी पटना में बिहार सरकार के मंत्री संजय टाइगर के निजी आवास पर चोरों ने धावा बोला। छठ पर्व के ...और पढ़ें

मंत्री संजय टाइगर के घर में चोरी। फोटो जागरण

मंत्री संजय टाइगर के घर में चोरी। फोटो जागरण

HighLights

  1. मंत्री संजय टाइगर के पटना स्थित आवास पर चोरी।

  2. चोरों ने चार कमरों से आभूषण और नकदी चुराई।

  3. छठ पर्व के दौरान परिवार की अनुपस्थिति का लाभ उठाया।

जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी में चोरों ने बिहार सरकार के मंत्री संजय टाइगर के निजी आवास को निशाना बनाया। शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी स्थित उनके दो मंजिला मकान में घुसे चोर चार कमरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और कीमती सामान समेट ले गए।

छठ महापर्व के दौरान परिवार के घर से बाहर रहने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। परिवार के वापस लौटने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

चार कमरों के ताले तोड़ खंगाला मकान

जानकारी के अनुसार, छठ महापर्व के दौरान मंत्री का परिवार घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने मकान को निशाना बनाया। घर में किसी के नहीं होने का फायदा उठाकर चोर अंदर दाखिल हुए और एक-एक कर चार कमरों के ताले तोड़ दिए।

कमरों में रखे सामान को खंगालने के बाद सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। हालांकि, चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन नहीं हो सका है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

परिवार के घर लौटने पर कमरों के ताले टूटे और सामान बिखरा मिला। इसके बाद शास्त्री नगर थाने की पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिनकी जांच के आधार पर चोरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

CCTV फुटेज में संदिग्ध गतिविधियों की जांच

वारदात के बाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि कुछ संदिग्धों की गतिविधियां कैमरे में कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

इस संबंध में एडिशनल एसएचओ अभय कुमार ने बताया कि फिलहाल आधिकारिक तौर पर आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। आवेदन मिलने के बाद चोरी गए सामान और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- नालंदा में मोबाइल फोन के विवाद में बुजुर्ग की हत्या, भतीजे ने ईंट मारकर ली जान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।