एनडीए ने 50 लाख को दिया रोजगार, अगली सरकार बने तो 1 करोड़ युवाओं को नौकरी: विजय सिन्हा
बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि एनडीए सरकार ने 50 लाख लोगों को रोजगार दिया है और यदि फिर से एनडीए की सरकार बनती है तो एक करोड़ युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने राजद और कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि उनके शासनकाल में बिहार अपराध की धरती बन गया था लेकिन अब विकास की गति बढ़ रही है।

संवाद सहयोगी,पताही। बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि एनडीए सरकार ने 2020 में 10 लाख रोजगार देने का वादा किया था। लेकिन अब तक 50 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है। यदि बिहार में पुनः एनडीए की सरकार बनती है तो एक करोड़ युवाओं को रोजगार दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बिहार में विकास की गति लगातार बढ़ रही है। पटना, गया और दरभंगा हवाई अड्डे के बाद अब पूर्णिया हवाई अड्डा भी शुरू होने वाला है। इसके शुरू होने से किसानों को अपनी सब्जी, फल सहित अन्य उत्पाद देश-विदेश तक भेजने की सुविधा होगी। आज बिहार एग्रीकल्चर बेस्ड लघु कुटीर उद्योगों की ओर बढ़ रहा है। मशरूम की खेती, बागवानी और फूड प्रोसेसिंग से नए अवसर बन रहे हैं। वे बुधवार को पताही प्रखंड के बखरी में आयोजित विधानसभा स्तरीय एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे।
डिप्टी सीएम ने कांग्रेस और राजद पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि लालू-राबड़ी शासनकाल में बिहार नरसंहार और अपराध की धरती बन गया था। विद्यालयों को चरवाहा विद्यालय में बदल दिया गया था। लोग पलायन को मजबूर थे। लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हर जिले में इंजीनियरिंग कालेज, पालिटेक्निक, मेडिकल और आइटीआइ संस्थान खुल रहे हैं।
डिप्टी सीएम ने पड़ोसी देश नेपाल में उत्पन्न स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि नेपाल के अंदर जो खेल हो रहा है, वैसा ही खेल भारत में भी कांग्रेस और राजद करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पाने के लिए ये दल किसी भी हद तक जा सकते हैं, लेकिन बिहार की जनता अब इनके बहकावे में आने वाली नहीं है।
इससे पहले सम्मेलन का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री के साथ वाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार, पूर्व सांसद दुलारचंद्र गोस्वामी, विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता, जदयू जिलाध्यक्ष मंजू देवी, मुखिया कृष्ण मोहन एवं विकास कुमार उर्फ निक्कू सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष मंजू देवी एवं संचालन राकेश यादव ने किया। इस अवसर पर पूर्व एमएलसी बबलू गुप्ता, जिला भाजपा ढाका अध्यक्ष सुनील सहनी, राकेश यादव, राजा ठाकुर, मंडल अध्यक्ष टुनटुन सिंह, जदयू प्रखंड अध्यक्ष अमीरुल हक, मधुरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मधु सिंह, मुखिया कृष्ण मोहन कुमार, विकास कुमार उर्फ निक्कू सिंह, बालेश्वर बैठा, गुड्डू सिंह आदि उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।