विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में यूपी की तर्ज पर एनकाउंटर, पूर्वी चंपारण में इनामी बदमाश को पैर में मारी गोली

By Sanjay upadhyayEdited By: Ajit kumar
Published: Mon, 20 Oct 2025 01:52 PM (IST)

Bihar Encounter: पूर्वी चंपारण के राजेपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक इनामी बदमाश ...और पढ़ें

पुलिस से मुठभेड़ में जख्मी इनामी बदमाश। जागरण

पुलिस से मुठभेड़ में जख्मी इनामी बदमाश। जागरण 

HighLights

  1. पूर्वी चंपारण में पुलिस और अपराधियों में मुठभेड़

  2. मुठभेड़ में इनामी बदमाश सिकंदर साहनी घायल

  3. पुलिस ने हथियार और बाइक बरामद की

संवाद सहयोगी, मोतिहारी(पूर्वी चंपारण)। Bihar Encounter: जिले के पकड़ीदयाल अनुमंडल क्षेत्र के राजेपुर थानाक्षेत्र के मधुआहां तुरहा टोली महमदपुर सागर जानेवाली सड़क पर बड़ी साजिश के तहत जमे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चल रही छापेमारी के दौरान सोमवार की सुबह पुलिस व अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई।

पैर में गोली लगी

पुलिस पर गोली चला रहे अपराधी के पैर में गोली लगी है। मोतिहारी में प्रारंभिक चिकित्सा के बाद जख्मी को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।

कई चक्र गोलियां चलीं

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुलिस व अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। एक अपराधी के पैर में गोली लगी है। पुलिस तथा अपराधियों की तरफ से कई चक्र गोलियां चलाईं गईं हैं। कितने चक्र गोली चली है।

इस बारे में अभी जानकारी साफ नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि कुख्यात बदमाश सिकंदर साहनी उर्फ सिकी राजेपुर थानाक्षेत्र में देखा गया है।

विशेष टीम का गठन

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पकड़ीदयाल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार चंदन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। सिकंदर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने गई पुलिस को देखते ही सिकंदर फायरिंग शुरू कर दी।

सदर अस्पताल पहुंचाया

अपराधी की ओर से की जा रही फायरिंग से आत्मरक्षार्थ की गई पुलिस फायरिंग में सिकंदर के पैर में गोली लगी। वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।

छापेमारी की जा रही

जहां से उसे बेहतर इलाज के बाद रेफर कर दिया गया है। पुलिस जख्मी हालत में पकड़े गए शातिर का इलाज कराने में लगी है। वहीं मौके से फरार हुए शातिर के अन्य साथियों की खोज में छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार सिकंदर पकड़ीदयाल थानाक्षेत्र के बनरझूला का निवासी है।

एसपी ने बताया कि सिकंदर के पास से एक देसी पिस्टल, दो कारतूस, दो खोखा व एक अपाचे बाइक जब्त की गई है। छापेमारी टीम में राजेपुर थानाध्यक्ष कुमार सौरभ, अपर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार उपाध्याय व पुलिस के जवानों के साथ एसटीएफ की भी टीम शामिल रही।

25 हजार का इनामी है सिकी

बताया गया है कि पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर सिकी 25 हजार का इनामी बदमाश है। उसके खिलाफ जिले के अलावा राज्य के अन्य जिलों व दूसरे राज्यों में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के फरार बदमाशों की खोज कर रही है।

जिले में उसके खिलाफ हत्या, लूट व डकैती का मामला दर्ज है। जून 2025 में उसके खिलाफ 25 हजार रुपये इनाम की घोषणा की गई थी। उसकी गिरफ्तारी से कई आपराधिक घटनाओं का पर्दाफाश होगा। फिलहाल पुलिस उसका इलाज करा रही है।