Bihar Election 2025: सुगौली को अब तक नहीं सिकरहना व बूढ़ी गंडक के शोक से मुक्ति, रिपोर्ट कार्ड में पास या फेल मौजूदा विधायक
पूर्वी चंपारण के सुगौली विधानसभा क्षेत्र में विकास के दावों के बावजूद कई समस्याएं जस की तस हैं। सिकरहना नदी में बाढ़ से लोग परेशान हैं किसानों को नुकसान हो रहा है। विधायक ने सड़कें बनवाई हैं लेकिन कटाव रोकने और शुद्ध पानी पहुंचाने जैसे वादे पूरे नहीं हुए। जनता की राय बंटी हुई है कुछ विकास से संतुष्ट हैं तो कुछ अधूरे वादों से नाराज।

अमरेंद्र श्रीवास्तव, सुगौली। पूर्वी चंपारण की सुगौली विधानसभा सामने से संपन्नता की तस्वीर और अंदर से खालीपन ...! विकास के शोर के बीच सिकरहना का शोक कायम है। वो तो नदी की कृपा दृष्टि है कि वो उफना नहीं रही। आसमान से बारिश की बूंदे कम गिर रही सो जन सुरक्षित हैं, वरना यहां की भौगोलिक बनावट और सिकरहना की धारा दोनों ही लोगों की परेशानी का कारण हैं।
ऊपर से जनप्रतिनिधियों से दी जाने वाली उम्मीदों को पंख नहीं लगे हैं। सड़कें बनी हैं, विद्यालयों का रंग-रोगन हुआ है, आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हो रहे हैं, लेकिन गांव की गलियों में विकास अब भी अधूरा है। जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित बूढ़ी गंडक, सिकरहना जैसी नदियों की मार झेल रहे इस क्षेत्र में बाढ़ सहित कई मूलभूत समस्याएं हैं।
बड़ी संख्या में लोगों के घर नदी निगल गई। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के कारण यहां के लोगों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं। किसानों को हमेशा दोहरी मार झेलनी पड़ती है। बाढ़ से निजात दिलाने के लिए किए गए प्रयास नाकाफी हैं, लेकिन अबतक पूरा नहीं हो सका। सिकरहना नदी के किनारे बांध बनाने का काम शुरू हुआ, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका। सूबे में 2005 के बाद सड़कों का निर्माण हुआ।
गांव की सड़कें राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ रही हैं। लोगों को आवागमन में सुविधा में मिली है। सुगौली व रामगढ़वा प्रखंड मिलाकर बनी यह विधानसभा बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित है। सुगौली की करीब बारह पंचायतों के अधिकांश इलाके बाढ़ की मार झेलने को विवश हैं। कई जगहों पर विकास काम हुआ है, लेकिन विकास की भूख मिट नहीं पाई।
करोड़ों की योजनाओं का क्रियान्वयन, फिर भी विकास की भूख कायम
वर्तमान में राष्ट्रीय जनता दल के टिकट पर ई. शशिभूषण सिंह यहां के विधायक हैं। उन्होंने राजद से वर्ष 2020 में वीआईपी के उम्मीदवार रामचंद्र सहनी को 3447 मतों से पराजित किया था। ई. शशिभूषण सिंह को 65267 मत व रामचंद्र सहनी को 61820 मत मिले थे।
विधायक बनने के बाद ई. सिंह ने मुख्यमंत्री ग्रामीण विकास योजना के तहत कई काम कराए। वित्तीय वर्ष 2021-22 में करीब तीन करोड़, 2022-23 में दो करोड़ 98 लाख से 135, 2023-24 में 3 करोड़ 98 लाख से 150 और 2024-25 में दो करोड़ पचास लाख से पचासी योजनाओं पर काम कराया। कई शेष योजनाओं की अनुशंसा की है। करोड़ों की योजनाओं का क्रियान्वयन किए जाने के बाद भी लोग विकास के मामले में इलाके को पिछड़ा मानते हैं।
ये हुए काम
- फुलवरिया हाई स्कूल से मुख्य सड़क तक पीसीसी, भटहा से श्रीपुर होते हुए श्रीपुर चौक पर पीसीसी, कोबेया चौक से टिकुलीवया तक काली करण छपवा चौक से कोरिया होते हुए भटहा तक पक्की सड़क का निर्माण।
- छगराहा से महादेव स्थान तक पक्की सड़क का निर्माण। जनता चौक से करमावा होते हुए नकरदेई तक पक्की सड़क का निर्माण।
- खुटिहरवा से पंजिअरवा तक पक्की सड़क,रोशनपुर सपहा से लक्ष्मीपुर तक सड़क का निर्माण।
कायम रह गईं ये समस्याएं
- सिकरहना नदी से कटाव के उपाय नहीं।
- खेतों तक बिजली आपूर्ति की सुविधा नहीं हो सकी उपलब्ध।
- इलाके के सभी गांव के लोगों तक नहीं पहुंच सकी शुद्ध पेयजल की योजना।
- किसानों को समय कर खाद और बीज नहीं मिलने के कारण खेती प्रभावित।
वादों को पूरा करने का प्रयास
चुनाव में किए गए वादों को पूरा करने का प्रयास किया है। जनता की जरूरतों के अनुसार कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ा गया। सुगौली विधान सभा क्षेत्र में सभी पंचायतों में सड़क, पुल, व पुलिया का निर्माण कराया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़कों का जाल बिछाया गया । दलित कमजोर वर्ग के लोगों के उत्थान किया गया। नए अस्पताल भवन का निर्माण किया गया।- ई. शशिभूषण सिंह, राजद विधायक, सुगौली
विधायक का पांच साल का कार्यकाल पूरी तरह असफल रहा है । धरातल पर शून्य विकास हुआ है । विधानसभा क्षेत्र में आज भी सड़कों की समस्या है । बाढ़ से निजात दिलाने के लिए कोई कार्य नहीं हुआ । चुनाव में किए गए वादे अब तक पूरा नहीं किए जा सके हैं। कई जगह पुल और पुलिया जर्जर स्थिति में है।-रामचंद्र सहनी, निकटतम प्रतिद्वंद्वी
ग्रामीण ललित सहनी ने कही विधायक के द्वारा क्षेत्र का समुचित विकास नहीं किया गया। लोग नदी के कटाव से परेशान रहते हैं। कई जगहों पर आधा अधूरा काम किया गया। जनता से किए गए वादों को पूरा करने पर विधायक असफल साबित हुए। कई गांवों में सड़कों का अभाव हैं। कई सड़कें जर्जर हैं।
ग्रामीण अखिलेश झा ने कहा विधायक ने बहुत काम किया है । जनता के दुख दर्द को समझते हैं। विधानसभा क्षेत्र में करीब सभी जगहों पर सड़क पुल और पुलिया का निर्माण किया गया । वे हमेशा जनता के जरूर को अनुसार कार्य को करते रहे हैं।
ग्रामीण राजेश्वर ठाकुर ने कहा विधायक की कार्यशैली पर सवाल है। जनता की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं देता है । जनता के लिए यह समस्या है कि विधायक किसी का फोन ही नहीं उठाते है । चुनाव में किये गए वादे पूरा नहीं किए। प्रखंड के कई जगहों पर सड़क की स्थिति जर्जर है सड़कों पर जलजमाव की स्थिति है।
ग्रामीण अशोक यादव ने कहा विधायक क्षेत्र के विकास के लिए किए जाने वाले कार्यों से बहुत लगाव रखते हैं । मुश्किल समय में सहयोग देने के लिए तत्पर रहते हैं। सड़कों का जाल बिछाकर क्षेत्र में विकास की गति को बढ़ाने का काम किया है । उन्हें जनता विधायक के रूप में नहीं बल्कि परिवार के अभिभावक के रूप में जानती है।
सुगौली विधानसभा
कुल मतदाता 298064
पुरुष 156673
महिला 141380
थर्ड जेंडर 11
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।