यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 24, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तेजस्वी यादव अराजक मानसिकता के..., बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बहिष्कार की धमकी पर भाजपा नेता की आई प्रतिक्रिया
Bihar Politics दरभंगा से सांसद गोपालजी ठाकुर ने तेजस्वी यादव के चुनाव बहिष्कार की धमकी को अराजक मानसिकता बताया। उन्होंने ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, दरभंगा। Bihar Assembly Election 2025 : सांसद डा. गोपालजी ठाकुर ने राजद नेता तेजस्वी यादव द्वारा चुनाव बहिष्कार की दी गई धमकी को अराजक मानसिकता का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में बहुमत का सम्मान होना आवश्यक है।
पिछले 20 वर्षों से बिहार की सत्ता से बाहर रहने के कारण विपक्षी दलों, विशेषकर तेजस्वी जैसे नेताओं की मानसिकता अराजक हो गई है। यही कारण है कि वे लोकतांत्रिक व्यवस्था पर इस प्रकार की टिप्पणियां कर रहे हैं। यह स्वस्थ व्यवस्था नहीं है।
एक विज्ञप्ति में सांसद डा. ठाकुर ने तेजस्वी के बयानों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति बालिग होने से पहले भ्रष्टाचार के कई मामलों में आरोपित हो जाता है और जिनके माता-पिता मुख्यमंत्री रहने के बावजूद वह हाई स्कूल में फेल हो जाता है, ऐसे नेता से और क्या उम्मीद की जा सकती है।
वहीं, राज्यसभा सदस्य डा. धर्मशीला गुप्ता ने बिहार में चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के पाप का घड़ा भर चुका है और अब वह फूट चुका है। एक विज्ञप्ति में उन्होंने यह भी दावा किया कि बिहार में एनडीए की सरकार पूरी मजबूती से कार्य कर रही है और आगे भी विकास की सोच रखने वाली यही सरकार राज्य में बनी रहेगी।
विपक्षी नेताओं के बयानों पर पलटवार करते हुए डा. गुप्ता ने कहा कि राजद और कांग्रेस रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के नाम वोटर लिस्ट में जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। जब चुनाव आयोग ऐसे अवैध नामों को हटाने का कार्य कर रहा है, तो ये लोग घबरा गए हैं।
बिहार की राजनीतिक स्थिति में तेजस्वी यादव के बयानों और एनडीए सरकार की स्थिति पर चर्चा जारी है। सांसदों के बयानों से स्पष्ट है कि आगामी चुनावों में राजनीतिक संघर्ष और भी तीव्र होने की संभावना है। बिहार की राजनीति में यह एक महत्वपूर्ण मोड़ है, जो आगामी चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
