पीएम मोदी ने दरभंगा में किया कमला बलान तटबंध का लोकार्पण, 20 पंचायतों को मिलेगी बाढ़ से सुरक्षा
PM Modi Bihar Inauguration News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दरभंगा में 255.45 करोड़ रुपये की लागत से बने कमला बलान नदी के पश्चिमी तटबंध के फेज तीन का लोकार्पण किया।

उसरी पुल के निकट भव्य समारोह आयोजित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम और संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
HighLights
प्रधानमंत्री मोदी ने कमला बलान तटबंध फेज तीन का लोकार्पण किया।
20 पंचायतों को बाढ़ से सुरक्षा, आवागमन के लिए नई सड़क उपलब्ध।
255.45 करोड़ की लागत से 17.29 किमी लंबा तटबंध निर्मित।
संवाद सहयोगी, कुशेश्वरस्थान (दरभंगा)। Kamala Balan Embankment Darbhanga: कमला बलान नदी के पश्चिमी तटबंध के फेज तीन में पलवा से फुहिया तक तटबंध के ऊंचीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं पक्कीकरण का कार्य पूरा होने के बाद शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका लोकार्पण किया।
वैशाली जिले के जाफर पट्टी औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित नीतीश सेतु के उद्घाटन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने लाइव प्रसारण के माध्यम से इस महत्वपूर्ण परियोजना का लोकार्पण किया।
इस परियोजना से कुशेश्वरस्थान पूर्वी एवं पश्चिमी प्रखंड की 20 पंचायतों को बाढ़ से सुरक्षा मिलने का रास्ता साफ हुआ है और लोगों को आवागमन के लिए एक नई सड़क भी उपलब्ध हुई है।
नेपाल तक आसान होगा सफर
फेज तीन के तहत पलवा से फुहिया तक कुल 17.29 किलोमीटर लंबे तटबंध का निर्माण 255.45 करोड़ रुपये की प्राक्कलित राशि से कराया गया है।
इस योजना का निर्माण कार्य दो फरवरी 2024 को शुरू हुआ था, जिससे बाढ़ के दौरान तटबंध की मजबूती बढ़ेगी और आसपास की पंचायतों को बाढ़ के खतरे से राहत मिलेगी।
इसके पक्कीकरण से क्षेत्र के लोगों को मधुबनी, जयनगर सहित पड़ोसी देश नेपाल तक पहुंचने में सहूलियत होगी तथा सीमावर्ती इलाके में संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में जुटे अधिकारी व ग्रामीण
तटबंध के लोकार्पण के अवसर पर पूर्वी प्रखंड के उसरी पुल के निकट भव्य समारोह आयोजित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम और संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुटे।
समारोह में एसडीओ शशांक राज, जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता गुलाम गैस, सहायक अभियंता अमरेश पाण्डेय, पूर्वी बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा और सीओ राकेश रोशन भारती मौजूद रहे।
इसके अलावा युवा जदयू के पूर्व प्रदेश महासचिव गौरव कुमार राय और चंदन सलहा पंचायत के पूर्व मुखिया भिखारी प्रसाद सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- वाल्मीकिनगर में 56.42 करोड़ से बने स्वाभिमान बटालियन मुख्यालय का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन
यह भी पढ़ें- नीतीश सेतु से बदली राघोपुर की तकदीर, 69 साल का इंतजार खत्म; पीएम मोदी ने गमछा लहराकर दिया विकास का संदेश