Keoti vidhan sabha Seat 2025: नहीं लौटी मिल से मिठास, शिक्षा की गलियां अब भी उदास
Keoti vidhan sabha Seat 2025 पथरा-खिरमा से वाया दुधिया होते हनुमाननगर जाने वाली सड़क वर्षों से जर्जर है। हल्की वर्षा होने से भी जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। स्वास्थ्य केंद्र करजापट्टी को अब तक अपना भवन उपलब्ध नहीं है। इसकी वजह से किराये के मकान में ही उसका संचालन हो रहा है। राजा शिव सिंह के समय के बाढ़ पोखर का सुंदरीकरण फाइलों में कैद है।

विजय कुमार राय, केवटी (दरभंगा)। Bihar Vidhan sabha Chunav 2025 / Keoti vidhan sabha Seat 2025 / Keoti Assembly Seat 2025 : दरभंगा जिले का केवटी विधानसभा क्षेत्र मधुबनी लोकसभा का हिस्सा है। केवटी की 26 और सिंहवाड़ा प्रखंड की 12 पंचायतों को मिलाकर केवटी विधानसभा क्षेत्र का गठन किया गया है। यहां से 2020 के चुनाव में मुरारी मोहन झा भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़कर कद्दावर नेता व राजद उम्मीदवार अब्दुल बारी सिद्दीकी को 5126 मतों से हराकर पहली बार निर्वाचित हुए थे।
जनसुविधाओं के दृष्टिकोण से देखें तो दोनों प्रखंड क्षेत्र की सड़कें चकाचक हैं। पुल-पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बिजली आदि के क्षेत्र में कार्य हुए हैं लेकिन कई ग्रामीण सड़कें अब भी जर्जर हैं। लोग कीचड़ व फिसलन पार कर मुख्य सड़क पर पहुंचने को विवश हैं। पथरा-खिरमा से वाया दुधिया होते हनुमाननगर जाने वाली सड़क वर्षों से जर्जर है। हल्की बारिश में भी जलजमाव से यातायात प्रभावित रहता है।
खंडहर में तब्दील रैयाम चीनी मिल। जागरण
बनवारी चौक से नयागांव, परसाविसनपुर से पिलखवाड़ा, असराहा से बग्धा जाने वाली सड़क जर्जर है। बंद रैयाम चीनी मिल अब तक चालू नहीं हो सकी। शिक्षा की गलियां भी सूनी हैं। अनुसूचित जाति जनजाति आंबेडकर छात्रावास का जीर्णोद्धार नहीं हो सका है। डिग्री कालेज की स्थापना नहीं हुई।
केवटी और सिंहवाड़ा प्रखंड को जोड़नेवाली सड़क में कोठिया पंचायत अंतर्गत बाजिदपुर शिव मंदिर स्थित बागमती नदी पर पुल नहीं होने से लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्वास्थ्य केंद्र, नयागांव का निर्माण कार्य अधूरा है। स्वास्थ्य केंद्र, करजापट्टी को अब तक अपना भवन उपलब्ध नहीं हो सका।
जिस कारण यह स्वास्थ्य केंद्र किराये के मकान में संचालित है। राजा शिव सिंह के समय के बाढ़ पोखर का सुंदरीकरण फाइलों में कैद है। हालांकि, विधायक की अनुशंसा पर पिंडारूच के गोपालपुर गुमटी पर ओवरब्रिज, केवटी एवं सिंहवाड़ा में प्रखंड मुख्यालय भवन, मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क चौड़ीकरण योजना के तहत ननौरा-मोहम्मदपुर पथ के चौड़ीकरण व कोयलास्थान पंचायत के कमला मरने नदी के ऊपर पुल निर्माण की मंजूरी मिल चुकी है।
विधायक निधि से खर्च
मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना से पांच वर्षों में गांवों में सड़क निर्माण किया गया। विभिन्न विद्यालयों में जर्जर भवनों की मरम्मत व सबमर्सिबल एवं बेंच-डेस्क उपलब्ध कराने के साथ नल-जल मरम्मत, चापाकल गाड़ने, पुल-पुलिया का निर्माण कराया गया है।
विकास के काम जो हुए
- केवटी में अति पिछड़ा वर्ग आवासीय विद्यालय का निर्माण।
- वृद्धाश्रम का निर्माण।
- केवटी एवं सिंहवाड़ा में पीसीसी सड़क का निर्माण।
- केवटी एवं सिंहवाड़ा की विभिन्न पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का निर्माण।
- कोयलास्थान से लैला चौर होते हुए बाढ़ पोखर जानेवाले मार्ग में सड़क एवं पुल निर्माण।
- छतवन में एपीएचसी एवं हरिहरपुर में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निर्माण।
- दरिमा एवं लालगंज में मिनी मखाना केंद्र का निर्माण।
ये समस्याएं नहीं हो सकीं दूर
- रैयाम चीनी मिल चालू नहीं हो सकी।
- केवटी और सिंहवाड़ा प्रखंड को जोड़ने वाली सड़क पर पुल का निर्माण।
- डिग्री कालेज की स्थापना।
- अनुसूचित जाति-जनजाति आंबेडकर छात्रावास का जीर्णोद्धार नहीं हुआ।
- असराहा-बग्घा एवं खिरमा-पथरा-वाया दुधिया होते हनुमाननगर और बनवारीचौक-नयागांव, परसा-विसनपुर-पिलखवाड़ा तक जाने वाली जर्जर सड़क का जीर्णोद्धार नहीं हो सका।
- मोहम्मदपुर रैयाम, खिरमा-पथरा, केवटी एवं छतवन बाजार में वाहन पार्किंग सुविधा का अभाव।
- बाढ़ पोखर का सुंदरीकरण।
विधानसभा एक नजर में
कुल मतदाता | 3,11,126 |
पुरुष | 1,62,083 |
महिला | 1,49,041 |
अन्य | 2 |
लोगों ने कहा
खिरमा-पथरा से वाया दुधिया होते हनुमान नगर जाने वाली जर्जर सड़क की वजह से आमलोग परेशान हैं। हर समय दुर्घटनाएं होती हैं। हल्की वर्षा में यह सड़क विकास की पोल खोल रही है। अब तक सिर्फ इसके जीर्णोद्धार का आश्वासन ही मिलता रहा है।
कमलेश कुमार यादव, दुधिया
विधायक के विकासात्मक कार्य ने जन-जन में इनके सकारात्मक सोच को उजागर किया है। सड़क, अस्पताल, पुल, निर्माण आदि से इलाके की सूरत बदली है। लोगों का इनके प्रति विश्वास बढ़ा है। सुख-दुःख में खड़े रहे हैं।
बलदेव यादव, पूर्व मुखिया, लहवार
केवटी विधानसभा क्षेत्र में विकास के साथ न्याय दिख रहा है। विधायक के प्रयास से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कृषि के क्षेत्र में धरातल पर कार्य हो रहा है। इससे लोगों का जीवन आसान हुआ है।
गंगा पासवान, दरिमा
केवटी का विकास हुआ है। गांवों की सड़कें तो चकाचक हो गई हैं, परंतु कई जगहों की सड़कें जर्जर हैं। क्षेत्र के बुनियादी विकास के लिए अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है।
आकाश कुमार गुप्ता, केवटी
विकास जितना होना चाहिए, वह नहीं हो सका
रैयाम चीनी मिल चालू नहीं हो सकी। एक अदद डिग्री कालेज का सपना अधर में है। 10वीं और 12वीं के बाद विद्यार्थी दरभंगा व अन्य स्थानों पर पढ़ने जाते हैं। विकास जितना होना चाहिए, वह नहीं हो सका। रोजी-रोजगार के लिए लोगों को बाहर जाना पड़ता है। नल-जल के लाभ से कई इलाके के लोग वंचित हैं। केवटी और सिंहवाड़ा प्रखंड को जोड़ने वालों के लिए बागमती नदी पर पुल का निर्माण नहीं होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। प्रखंड, अंचल व अन्य सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार का बोलबाला है।
अब्दुल बारी सिद्दीकी, निकटतम प्रतिद्वंद्वी
हमने कोई कसर नहीं छोड़ी
केवटी के विकास में हमने कोई कसर नहीं छोड़ी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सिंचाई, सड़क पुल-पुलिया आदि के क्षेत्र में काफी कार्य किया। यह किसी से छिपा नहीं है। क्षेत्र की जनता के लिए हमेशा उपलब्ध रहा हूं। बंद रैयाम चीनी मिल, केवटी एवं सिंहवाड़ा प्रखंड को जोड़ने वाली मार्ग पर कोठिया पंचायत अंतर्गत शिवमंदिर बाजिदपुर में बागमती नदी पर पुल निर्माण, डिग्री कालेज की स्थापना के मुद्दों को विधानसभा में उठाकर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया है।
डा. मुरारी मोहन झा, विधायक, केवटी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।