जो बेटा किसी सरकारी नौकरी के लायक नहीं उसे मुख्यमंत्री बनाने की साजिश रच रहे लालू, पूर्व केंद्रीय मंत्री ने किया तंज
ब्रह्मपुर में जाले विधानसभा स्तरीय राजग कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने राजद पर जेपी के सपनों को चकनाचूर करने का आरोप लगाया। भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने डबल इंजन सरकार में विकास की गारंटी बताई। मंत्री जीवेश कुमार ने कार्यकर्ताओं से जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम में विकास कार्यों की पुस्तक का विमोचन हुआ।

संवाद सहयोगी, जाले (दरभंगा)। पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा है कि जेपी आंदोलन के कोख से निकले छात्र नेता लालू प्रसाद यादव ने जेपी के सपनों को चकनाचूर कर दिया। पति पत्नी दोनों मुख्यमंत्री बने।
अपने मुख्यमंत्रित्व काल में दोनों हाथों से राज्य के खजाना को लूटा। जानवरों का चारा तक खाने का काम किया। बिहार को जंगल राज में तब्दील कर दिया।
अपने नौवीं पास बेटा जो किसी सरकारी नौकरी का मानक भी पूरा नहीं करता, उसको षड्यंत्र कर उप मुख्यमंत्री बनाने में सफल हो गए। अब वह अयोग्य पुत्र को मुख्यमंत्री बनने का दिवास्वप्न देख रहे हैं।
बिहार की जनता इसको सफल नहीं होने देगी। वे रविवार को ब्रह्मपुर उच्च विद्यालय प्रांगण में जाले विधानसभा स्तरीय राजग कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
अध्यक्षता जदयू के जिलाध्यक्ष ईश्वर मंडल ने की। पूर्व मंत्री चौबे ने कहा कि देश में लोकतंत्र व संविधान की हत्या कांग्रेस ने की है। वर्ष 1974 में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में संपूर्ण क्रांति आंदोलन को कुचलने के लिए सत्ता का दुरुपयोग किया था।
पटना स्थित चरखा समिति के भवन में घुसकर पढ़ रहे छात्रों एवं जेपी को बूट से कुचला था। आपातकाल लगाकर देश को जेलखाना बना दिया था।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. दिलीप जायसवाल ने कहा कि नीतीश मोदी की डबल इंजन सरकार में विकास की गारंटी है। बड़े-बड़े पुलों के अलावा फोर व सिक्स लेन सड़कें बन रही हैं।
नगर विकास व आवास मंत्री जीवेश कुमार ने कहा कि एनडीए की सरकार जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत से लगातार विकास का नया अध्याय लिख रही है। युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर घर तक पहुंचाने की अपील की। इस दौरान पिछले 10 वर्षों में मंत्री जीवेश कुमार द्वारा जाले विधानसभा में किए गए विकास कार्यों का पुस्तक विमोचन किया गया।
कार्यक्रम को पूर्व मंत्री लक्ष्मेश्वर प्रसाद, डा. रंजू गीता, विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी, रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना, जदयू जिलाध्यक्ष ईश्वर मंडल, हम के जिलाध्यक्ष मनोज सदा, एलजेपी आर के जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुमार झा, रालोमो के लक्ष्मी पासवान, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष मुकेश महासेठ समेत सिंहवाड़ा, जाले, ब्रह्मपुर, कमतौल जोगियारा राढी मंडल के अध्यक्ष आदि ने संबोधित किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।