डिप्टी CM ने किसे बताया 'पप्पू और अप्पू'? पूछा- ये दूसरों का लिखा पढ़ने वाले आपका क्या भला करेंगे
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को कहा कि मोदी सरकार का 11 वर्ष का कार्यकाल विकसित भारत का अमृतकाल है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रही है और भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधा और दरभंगा में लाठीचार्ज मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया।

जागरण संवाददाता, दरभंगा। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के 11 वर्ष का शासन काल विकसित भारत का अमृतकाल है। यह स्वर्णिम काल संकल्प की सिद्धि तक पहुंचने का भारत है। वे गुरुवार को परिसदन में मीडिया को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 11 वर्ष की इस यात्रा में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ भारतीयों के परिश्रम, त्याग, सपनों को विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा कर रहे हैं।
मोदी सरकार का कालखंड भारत के भविष्य के लिए एक मजबूत नींव का ईट पर मजबूत इमारत खड़ा करने के भाव को जगा रहा है।
गरीब कल्याण का काम चल रहा: सिन्हा
उप मुख्यमंत्री सिन्हा ने कहा कि जहां भाजपा सरकार है। वहां गरीब का कल्याण का कार्य चल रहा है। शासन अब मेवा का नहीं सेवा के भाव से चल रहा है। यह मोदी की उपलब्धि है।
उन्होंने एक सवाल के जवाब पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि दुर्भाग्य है कि विपक्ष के नेता केंद्र और राज्य में पप्पू और अप्पू की भूमिका में हैं।
वे दूसरों के लिखे हुए कंटेंट और दी गई सलाह के आधार पर अपनी बात रखते हैं। जहां भाजपा की सरकार है। वहां विकास, आविष्कार और नवाचार का वातावरण बन रहा है।
आयुष्मान भारत योजना से हर भारतीय को स्वस्थ कर रहे हैं। वहीं, मेक इन इंडिया की ताकत एक्सपोर्ट में लीड कर रही है।
ये बदलते भारत की तस्वीर: उप मुख्यमंत्री
डिप्टी सीएम सिन्हा ने कहा कि इंपोर्ट पर हम आश्रित नहीं हो रहे हैं। आज की तिथि में भारत विश्व में चौथी अर्थव्यवस्था से तीसरी अर्थव्यवस्था की ओर कदम बढ़ा दिया है। विकास की गति पर विश्व की मोहर लग गई है। मोदी सरकार शासन में सुशासन के लिए जाना जाता है।
भाजपा का शासन काल बदला के लिए नहीं बल्कि बदलाव के लिए जाना जाता है। यह सोच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित किया है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर हमारे संकल्प, साहस और बदलते भारत की तस्वीर है।
दरभंगा में लाठीचार्ज पर क्या बोले डिप्टी सीएम
दरभंगा जिला में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए लाठी चार्ज मामले में अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं किए जाने के सवाल पर कहा कि एसएसपी-डीएम से वार्ता हुई है। 48 घंटे के अंदर सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।
दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मौके पर मंत्री हरि सहनी, भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण चौधरी मन्ना, विधायक रामचंद्र प्रसाद, पूर्व विधायक अमरनाथ गामी आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें
Bihar Politics: महागठबंधन के घटक तेजस्वी को सौंपेंगे अपनी पसंदीदा सीटों की सूची, क्या होगा फॉर्मूला?
Bihar Politics: राजद का जिलाध्यक्ष पद बना जी का जंजाल, लालू की कर्मभूमि पर पार्टी के होंगे दो फाड़?
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।