दरभंगा: 25 लाख दहेज के बाद भी प्रताड़ना, CRPF जवान पर पत्नी की हत्या का आरोप; अवैध संबंध का भी शक
दरभंगा के केवटी थाना क्षेत्र में एक विवाहिता रिंकू देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने पति और ससुरालियों पर दहेज के लिए पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है, जिसके बाद पति और ससुर हिरासत में हैं।

रिंकू देवी। फाइल फोटो। सौ: स्वजन
HighLights
दरभंगा में विवाहिता रिंकू देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया।
पति सीआरपीएफ जवान और ससुर पुलिस हिरासत में।
संवाद सहयोगी, दरभंगा। केवटी थाना क्षेत्र के मरने हरपुर मिल्की गांव में मंगलवार को एक विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। मृत पिंटू यादव की पत्नी रिंकू देवी (35) है, जो क्यामचक वार्ड नंबर 12 निवासी रामनारायण यादव की पुत्री थी।
पति सीआरपीएफ जवान है। सूचना पर देर रात पहुंचे मृत के मायके पक्ष के स्वजन ने ससुरालियों पर पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाया। जिसके बाद पुलिस ने पति और ससुर को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
बुधवार को पोस्टमार्टम के दौरान मृत के भाई मन्नु यादव ने आरोप लगाया कि मंगलवार दिन में मारपीट और गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित बेला दुर्गा मंदिर के निकट एक होम्योपैथी क्लिनिक में भर्ती कराया। इसके बाद हम लोगों को घटना की जानकारी मिली।
उन्होंने बताया कि मृत रिंकू देवी के शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान हैं। गले पर दबाव का काला निशान है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में विवाह के बाद से ही सीआरपीएफ जवान पति दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था, जबकि शादी के समय 25 लाख से अधिक का दहेज दिए थे।
उन्होंने बताया कि मृतका के 11 वर्षीय एक पुत्र और आठ वर्षीय एक पुत्री है। पुलिस को दिए आवेदन में पति पिंटू यादव, ससुर सुरेश यादव और सांस रीता देवी को आरोपित किया गया है। जिसमें पति और ससुर पुलिस हिरासत में है। जबकि सास फरार है।
उन्होंने मृतका के पति पिंटू यादव के अवैध अफेयर की आशंका भी जताई। बताया कि पुलिस को छानबीन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही हत्या का कारण स्पष्ट होगा।
यह भी पढ़ें- दरभंगा में मां ने बेटी को फोन किया, दामाद बोला-आपकी बेटी अब नहीं रही
यह भी पढ़ें- दरभंगा में शादी का झांसा देकर दारोगा ने 9 माह तक किया दुष्कर्म, अब अपनाने से इनकार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।