दरभंगा में शादी का झांसा देकर दारोगा ने 9 माह तक किया दुष्कर्म, अब शादी से इन्कार
दरभंगा में केवटी थाने के एक दारोगा पर 23 वर्षीय युवती ने शादी का झांसा देकर नौ माह तक दुष्कर्म ...और पढ़ें

प्रशिक्षु अवर निरीक्षक (पीएसआइ) नीतीश कुमार। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, दरभंगा। Darbhanga Rape Case:पुलिस विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। केवटी थाने में पदस्थापित एक दारोगा पर 23 वर्षीय युवती ने शादी का झांसा देकर नौ माह तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता का कहना है कि अब आरोपित शादी करने से इन्कार कर रहा है और विरोध करने पर गाली देने के साथ अश्लील तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दे रहा है।
महिला थाने में प्राथमिकी
मामले में सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने महिला थाना में केवटी थाने के प्रशिक्षु अवर निरीक्षक (पीएसआइ) नीतीश कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि दारोगा ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ नौ माह तक शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान आरोपित ने उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिए।
पीड़िता के अनुसार, आरोपित उसे कई बार होटल में भी ले गया। बाद में जब उसने शादी करने के लिए दबाव बनाया तो दारोगा ने इन्कार कर दिया।
इतना ही नहीं, विरोध करने पर उसे गंदी-गंदी गालियां दी गईं और अश्लील वीडियो व तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी भी दी गई।
गश्ती के दौरान हुई मुलाकात
बताया जाता है कि आरोपित दारोगा पहले कमतौल थाने में पदस्थापित था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इसी दौरान गश्ती के क्रम में उसकी मुलाकात 23 वर्षीय युवती से हुई थी। इसके बाद दारोगा ने युवती के सामने प्रेम का इजहार किया और शादी करने का भरोसा दिलाया।
आरोप है कि शादी का वादा कर वह नौ माह तक युवती का यौन शोषण करता रहा। युवती ने जब शादी करने के लिए दबाव बनाया तो आरोपित ने इससे इन्कार कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित दारोगा की इसी माह सगाई होने वाली है। इसके बाद पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई।
मेडिकल जांच की प्रक्रिया शुरू
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए उसे डीएमसीएच ले जाया गया। महिला थाना की पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
महिला थाना की अपर थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर: नानी की पड़ोसी के गीले कपड़े रखने गई थी नाबालिग, घर मौजूद दरिंदे ने कमरे ले जाकर किया दुष्कर्म