Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Alinagar vidhan sabha Seat 2025: चुनावी वादा बनकर रह गया डिग्री कालेज व आइटीआइ की स्थापना

    Updated: Thu, 07 Aug 2025 07:07 PM (IST)

    Alinagar Assembly Seat 2025 विकास कार्य की गति लोगों की अपेक्षा के अनुसार नहीं रही। निचली अदालत के निर्णय के बाद कार्यकाल के अंतिम वर्ष में विधायक की सदस्यता रद हुई। हालांकि हाई कोर्ट के आदेश पर फिर से उनकी सदस्यता बहाल कर दी गई। क्षेत्र में छठ घाट से लेकर सड़क का निर्माण किया गया है। तारडीह प्रखंड के भेड़ियारही में पुल बनने से आवागमन में सुविधा हुई है।

    Hero Image
    प्लस टू  उत्क्रमित  उच्च  माध्यमिक  विद्यालय, गरौल  चक्का  में  नवनिर्मित  भवन और विधायक मिश्रीलाल यादव।

    देवचंद्र कुमार, अलीनगर (दरभंगा)। Bihar Vidhan sabha Chunav 2025 / Alinagar vidhan sabha Seat 2025 / Alinagar Assembly Seat 2025: परिसीमन के बाद वर्ष 2010 में बने अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से पहली और दूसरी बार राजद नेता अब्दुलबारी सिद्दीकी, प्रभाकर चौधरी और मिश्रीलाल यादव को हराकर विधानसभा पहुंचे थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    2020 के चुनाव में राजद ने सिद्दीकी की जगह भाजपा नेता विनोद मिश्रा को पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए मैदान में उतारा था। लेकिन राजग के तत्कालीन सहयोगी वीआइपी के टिकट पर मिश्रीलाल यादव ने विनोद मिश्रा को हराकर चुनाव जीत लिया था। बाद में मिश्रीलाल यादव ने भाजपा का दामन थाम लिया।

    इधर, कार्यकाल के अंतिम वर्ष में विधायक को एक मामले में निचली अदालत से दो साल की सजा मिलने के बाद सदस्यता रद कर दी गई थी। हाई कोर्ट से राहत के बाद उनकी सदस्यता फिर से बहाल हुई। विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य हुए हैं, लेकिन उसकी गति मंद रही है।

    क्षेत्र की मुख्य सड़कों में शिवनगर घाट से घनश्यामपुर, जयंतीपुर से ठेंगहा, हरसिंगपुर से देथुआ, बेनीपुर से वाया अलीनगर होते हुए रसियारी, मनीगाछी मुख्य मार्ग से तारडीह होते हुए घनश्यामपुर आदि का निर्माण हुआ है।

    चुनाव के समय मतदाताओं से अलीनगर में डिग्री कालेज एवं आइटीआइ की स्थापना के वादे मुख्य रूप से चर्चा में थे। इसे मुख्य मुद्दा बनाते हुए मिश्रीलाल यादव ने जीत भी दर्ज की, लेकिन ये चुनावी वादे बनकर रह गए। मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना से पांच वर्षों में गांवों में छठ घाट, सड़क का निर्माण किया गया। विभिन्न स्कूलों में बेंच-डेस्क और अलमीरा के साथ हाईस्कूल व पंचायत की पुस्तकालयों में किताबें उपलब्ध कराकर विधायक निधि की राशि खर्च की गई।

    विकास के प्रमुख कार्य जो नहीं हो सके

    • अलीनगर क्षेत्र में डिग्री कालेज की स्थापना नहीं हो सकी।
    • स्टेडियम का निर्माण नहीं।
    • हरसिंगपुर मुख्य सड़क के बरसाती नदी में मौजूद ठूंठा पुल एवं सुरक्षा दीवार का निर्माण नहीं।
    • नवानगर-तुलापट्टी मुख्य पीडब्ल्यूडी पथ में कमला नदी के जर्जर पुल का पुनर्निर्माण नहीं।
    • दाथ चौक से प्रखंड कार्यालय जाने वाली दो किमी मुख्य सड़क का निर्माण नहीं।

    विकास के काम जो हुए

    • तारडीह के महिया में हनुमान मंदिर के निकट से पीडब्ल्यूडी सड़क तक पीसीसी।
    • लगमा के महथबार में दो सड़क व एक चचरी पुल निर्माण।
    • सुहथ, जयंतीपुर दाथ, लगमा, बैका, नवटोल आदि में छठ घाट का निर्माण।
    • दलित टोला को मुख्य पथ से जोड़ने वाली 26 सड़कों का निर्माण।
    • सार्वजनिक स्थानों पर 160 चापाकल की व्यवस्था।

    लोगों ने जो कहा

    बहुत से प्रतिद्वंद्वी विधायक के बारे में कई तरह की बातें बोलते हैं। सच्चाई यह है कि विधायक ने अलीनगर को वर्षों की समस्याओं से मुक्ति दिलाने का काम किया है। जितना विकास इस कार्यकाल में हुआ है, उससे अधिक अलीनगर में कभी नहीं हो पाया था।

    कपिलदेव यादव, सुहथ

    विकास कार्यों में तेजी आई। बहुत कुछ होना भी था, जिसमें अड़ंगा लगाने का काम किया गया। विकास से तारडीह के कोरियारही जैसे गांवों को जोड़ा गया है। इन गांवों में कोई नेता जाना भी पसंद नहीं करते थे। वहां भी पुल देकर यातायात से जोड़ने का काम हुआ है।

    धर्मवीस यादव, जयंतीपुर दाथ

    विकास के नाम पर क्षेत्र काफी पीछे चला गया है। आज तक कई हाईस्कूलों में प्रबंध समिति का गठन तक नहीं हुआ है। आज लोगों को बदलाव करने का भी मलाल है। यहां के विधायक कुछ खास लोगों के नेता ही बनकर रह गए।

    मुकेश कुमार सिंह, ककोढ़ा

    क्षेत्र में कोई विधायक भी है यह पिछले पांच साल तक पता ही नहीं चला। किसी समस्या को रखने के लिए विधायक क्षेत्र में कब और कहां मिलेंगे, पता ही नहीं चलता है। विकास का कोई काम नहीं हुआ है।

    कैलाश चौधरी, लगमा

    विधानसभा क्षेत्र : एक नजर में

    कुल मतदाता  2,75,559
    पुरुष 1,48,568
    महिला  1,26,988
    थर्ड जेंडर  03

    उच्च शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक की व्यवस्था खराब

    विधानसभा क्षेत्र में विकास की आवश्यकता है। खासकर उच्च शिक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। स्वास्थ्य के मामले में इतनी लचर व्यवस्था है कि सभी सरकारी अस्पताल सिर्फ डीएमसीएच रेफर कर अपना कार्य निपटा रहे हैं। इस कारण कई मरीज रास्ते में ही दम तोड़ रहे हैं। रोजगार के लिए कुछ नहीं किया गया। उद्योग-धंधे नहीं लगे।

    विनोद मिश्रा, प्रतिद्वंद्वी

    छठियारी से कठियारी तक उपलब्ध रहा

    अलीनगर की जनता के आशीर्वाद से मेरी सदस्यता बहाल हुई है। क्षेत्र में जनता के लिए छठियारी से कठियारी तक उपलब्ध रहा हूं। वहां तक विकास पहुंचाया, जहां आजादी के बाद तक कोई काम नहीं हुआ था। तारडीह प्रखंड का भेड़ियारही गांव चारों ओर से पानी से घिरा रहता था। उस गांव में पुल की स्वीकृति दिलाकर निर्माण कराया। घनश्यामपुर के कोर्थू से नवानगर तक सड़क निर्माण, अलीनगर प्रखंड कार्यालय की चहारदीवारी निर्माण सहित अन्य कार्य किए हैं। बचे काम प्रक्रियाधीन हैं।

    मिश्रीलाल यादव, विधायक