Buxar Accident: कोचस-चौसा मुख्य मार्ग पर ट्रक और टेम्पो की टक्कर में किशोर की मौत, छह घायल
बक्सर के राजपुर में कोचस-चौसा मार्ग पर एक सड़क दुर्घटना में 12 वर्षीय बालक की मृत्यु हो गई और छह लोग घायल हो गए। हंकारपुर गांव के लोग मुंडेश्वरी धाम से लौट रहे थे तभी एक ट्रक ने उनके टेंपो को टक्कर मार दी। बालक की माँ की हालत गंभीर है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

जागरण संवाददाता, राजपुर (बक्सर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के कोचस-चौसा मुख्य मार्ग पर बसही पुल के पास शनिवार की रात हुई सड़क दुर्घटना में एक 12 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान नागपुर पंचायत के हंकारपुर गांव निवासी सत्यदेव पासवान के पुत्र आर्यन कुमार के रूप में हुई है। सभी घायलों का इलाज वाराणसी में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, रक्षाबंधन के दिन हंकारपुर गांव के कई लोग एक टेंपो से कैमूर जिले के मुंडेश्वरी धाम दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद देर शाम लौटते समय करीब 10 बजे जैसे ही टेंपो बसही पुल पार कर गीता नगर बस्ती के पास पहुंचा, विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
ग्रामीणों की मदद से घायलों को राजपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने आर्यन को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। घायलों में मृतक की मां नीलम देवी, 18 वर्षीय आलोक कुमार (पिता सिकंदर पासवान), 12 वर्षीय अनुपम कुमार (पिता सिकंदर पासवान), 12 वर्षीय अंकित कुमार (पिता ज्योति पासवान) और 14 वर्षीय विष्णु साह (पिता संतोष साह) शामिल हैं। नीलम देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मौके पर पहुंचे पैक्स अध्यक्ष अंगद सिंह व अन्य ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी संजय पासवान ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।