बक्सर में भाभी ने आशिक के संग साजिश रच कर कराई देवर की हत्या, घटना के पांचवें दिन हत्या के रहस्य से उठा पर्दा
भाभी के अवैध संबंध में बाधक बने देवर को ठिकाना लगाने के लिए भाभी ने अपने आशिक के साथ मिलकर देवर की हत्या कर दी। घटना के पांचवें दिन पुलिस ने रहस्य से पर्दा उठा दिया है।लिस ने आशिक और उसकी भाभी से अलग-अलग और फिर अकेले में पूछताछ करने के बाद पूरी घटना से पर्दा उठ गया।

संवाद सहयोगी,डुमरांव(बक्सर)। बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना अंतर्गत बाबू डेरा गांव में बीते शुक्रवार की रात 24 वर्षीय युवक राहुल यादव उर्फ लालू यादव हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने पांचवें दिन सुलझा ली। इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। राहुल की हत्या उसकी अपनी भाभी पूजा कुमारी और उसके प्रेमी मनोज कुमार ने मिलकर की।
गुरुवार को डीएसपी अफाक अख्तर अंसारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि राहुल के भाई शैलेंद्र यादव काम के सिलसिले में बाहर रहता है। इस दौरान उसकी भाभी के अवैध संबंध पड़ोसी गांव रहथुआ के मनोज कुमार से बन गए। राहुल को जब इसकी जानकारी हुई, तो उसने भाभी को कई बार समझाया और टोका-टाेकी भी की। इस बात से नाराज होकर भाभी और उसके प्रेमी ने राहुल को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। बीते शुक्रवार की रात जब राहुल खेत में सिंचाई कर रहा था, तभी मनोज ने उसे गोली मार दी।
मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त देसी कट्टा, एक खोखा और दो मोबाइल भी बरामद किए हैं। पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच के आधार पर हत्या का खुलासा संभव हो पाया। इस हत्याकांड ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं गांव में लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं कि कैसे पारिवारिक रिश्ते लालच और वासना के चलते हत्या में बदल गए। पुलिस के लिए चुनौती बन गया था मामला राहुल एक सीधा-सादा युवक था, जो खेती के साथ-साथ ऑटो चलाता था। उसका किसी से कोई विवाद नहीं था, जिसके कारण उसकी हत्या से गांव में आश्चर्य और आक्रोश फैल गया।शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने ब्रह्मपुर-रघुनाथपुर सड़क जाम कर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आगजनी भी की थी।
मोबाइल ने खोला हत्या का राज
पुलिस को घटनास्थल से राहुल का मोबाइल मिला था, जिसके काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) और फोरेंसिक जांच से साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने भाभी के प्रेमी को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की। इसके बाद भाभी की संलिप्तता सामने आई। डीएसपी अफाक अख्तर अंसारी और थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह की पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया।
भागने के लिए छत से कूदते ही पुलिस के उड़ गए होश
बताया जाता है कि आशिक द्वारा मृतक के भाभी के बारे में संलिप्ता के पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस बुधवार की रात बाबू डेरा गांव में महिला को हिरासत में लेने के लिए पहुंची। पुलिस को देखते ही उसे माजरा समझते देर नहीं लगी। वह पानी पीने के बहाने छत पर गई और फिर छत से कूद कर भागने का प्रयास करने लगी। रात में उस महिला के दुस्साहस को देखकर पुलिस के होश भी उड़ गए। पुलिस ने पूरी सावधानी से उसे हिरासत में लिया और उसका इलाज कराया। संयोग से उसे कुछ हुआ नहीं। पूछताछ के लिए थाना पर आने के बाद भी तरह-तरह की हाई वोल्टेज ड्रामा से काफी देर तक पुलिस परेशान रही। इतना सब करने के बाद भी उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।