Buxar News: चौसा के तिवाय गांव में गैस सिलेंडर रिसाव से लगी भयंकर आग, चार लोग झुलसे
बक्सर के चौसा प्रखंड के तिवाय गांव में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर से रिसाव के कारण आग लग गई। इस हादसे में माँ-बेटे सहित दो पड़ोसी झुलस गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक की हालत गंभीर है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

संवाद सहयोगी, चौसा (बक्सर)। चौसा प्रखंड के तिवाय गांव में रविवार की रात खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण एक बड़ी दुर्घटना हो गई।
खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर से गैस लीक हो गई, जिससे आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के मा-बेटा सहित दो पड़ोसी गंभीर रूप से झुलस गए।
सभी घायलों को इलाज के लिए कैमूर के नुआंव स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इनमें 19 वर्षीय किन्नू यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि सभी खतरे से बाहर बताए जाते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, तिवाय गांव निवासी श्रवण यादव की पत्नी निर्मला देवी (40 वर्ष) रविवार रात अपने घर में खाना बना रही थीं।
इस दौरान अचानक गैस सिलेंडर से रिसाव शुरू हो गया और देखते ही देखते आग लग गई। आग की लपटों में निर्मला देवी झुलस गईं।
उनकी चीख-पुकार सुनकर उनका पुत्र किन्नू यादव (19 वर्ष) बचाने के लिए आया, लेकिन वह भी आग की चपेट में आकर झुलस गया।
सिलेंडर का गैस खत्म हो जाने के बाद आग और अधिक नहीं फैल सकी
घटना की जानकारी मिलने पर 45 वर्षीय पड़ोसी भुवर उर्फ योगेंद्र साह और 25 वर्षीय विवेक यादव भी आग बुझाने पहुंचे, लेकिन वे भी आग की लपटों में झुलस गए।
हालांकि सिलेंडर का गैस खत्म हो जाने के बाद आग और अधिक नहीं फैल सकी। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया सभी खतरे से बाहर है।
गांव में इस घटना के बाद से दहशत का माहौल है। लोग गैस सिलेंडर के इस्तेमाल में अधिक सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं। प्रशासन ने भी रसोई गैस के सुरक्षित उपयोग को लेकर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।