Buxar News: बक्सर में ये हो क्या रहा? 6 दिन में 8 लोगों की हत्याएं, पुलिस के लिए भी बढ़ी चुनौती
बक्सर जिले में मई के अंतिम सप्ताह में कानून व्यवस्था बिगड़ी। छह दिनों में आठ हत्याएं हुईं जिनमें निजी दुश्मनी मुख्य कारण रही। पुलिस के लिए आरोपियों को पकड़ना चुनौती है। राजपुर में तीन बासुदेवा में एक युवक चौसा में राजद नेता की हत्या हुई। राजपुर में एक महिला का शव मिला जबकि कृष्णाब्रह्म में पत्नी और नया भोजपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत हुई।

जागरण संवाददाता, बक्सर। जिले की कानून-व्यवस्था के दृष्टिकोण से मई महीने का आखिरी सप्ताह बेहद भारी साबित हो रहा है। बीते शनिवार से गुरुवार तक यानी कि केवल छह दिनों में जिले के अलग-अलग इलाकों में कुल आठ लोगों की हत्या के मामले सामने आ चुके हैं। सभी घटनाओं में अलग-अलग वजह सामने आई है।
लगभग सभी मामलों में निजी दुश्मनी की बात सामने आ रही है। इन मामलों में घटना के असली कारण तक पहुंचने के साथ ही सभी आरोपितों की गिरफ्तारी करना और उन्हें जल्द से जल्द सजा दिलवाना पुलिस के लिए बहुत बड़ी चुनौती बन गया है।
शाहाबाद रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक सत्य प्रकाश पूरी स्थिति की लगातार खुद ही निगरानी कर रहे हैं। उनके निर्देश पर पुलिस कई तरह की एहतियात और कार्रवाई पहले ही शुरू कर चुकी है। इधर एसपी शुभम आर्य भी मातहत अधिकारियों पर लगातार मामलों के जल्द उद्भेदन के लिए दबाव बनाए हुए हैं।
शनिवार को अहियापुर गांव में एक साथ तीन लोगों की हत्या
इस कड़ी की शुरुआत बीते शनिवार की अलसुबह राजपुर थाना क्षेत्र के अहियापुर गांव में तीन लोगों की एक साथ हत्या से हुई। एक ही गांव के दो परिवारों के बीच आपसी रंजिश में नियोजित तरीके से किए गए हमले में दो लोग गोली लगने के बावजूद ईश्वर की कृपा से बच गए।
इसके अगले दिन बासुदेवा थाना क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटनाक्रम की वजह अभी पूरी तरह साफ नहीं हो पाई थी कि इसके अगले दिन सोमवार को चौसा में बक्सर थर्मल पावर स्टेशन के ठीक सामने राजद के युवा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जो ठेकेदारी का काम करता था। इस मामले को ठेकेदारी के ही विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
मंगलवार को शांति रही, लेकिन बुधवार को राजपुर थाना क्षेत्र में ही महिला की सड़ी-गली लाश मिली। अंदेशा यह है कि महिला की हत्या कर शव को वहां फेंक दिया गया था। गुरुवार की सुबह हत्या और संदिग्ध मौत की दो अलग-अलग खबरों से हुई।
कृष्णाब्रह्म थाना के अरक गांव में एक रिटायर्ड फौजी ने 55 वर्ष उम्र की अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी, तो दूसरी तरफ नया भोजपुर थाना क्षेत्र के चिलहरी गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मामले में भी दहेज के लिए हत्या की प्राथमिकी कराई गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।