बक्सर से टाटानगर के बीच त्योहार में चलेगी एक और स्पेशल ट्रेन, त्योहारों पर घर जाना हुआ आसान
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बक्सर से टाटानगर के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह साप्ताहिक ट्रेन 17 अक्टूबर से शुरू होगी और तीन फेरे लगाएगी। ट्रेन बक्सर से हर शनिवार शाम 515 बजे रवाना होगी और 17 स्टेशनों पर रुकेगी। इस कदम से त्योहारों में यात्रियों को सुविधा होगी।

जागरण संवाददाता, बक्सर। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बक्सर से टाटानगर जंक्शन के लिए एक विशेष त्योहार स्पेशल ट्रेन (08183/08184) चलाने की घोषणा की है।
यह ट्रेन दोनों शहरों के बीच यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह एक साप्ताहिक ट्रेन है, जो कुल मिलाकर तीन फेरे लगाएगी।
ट्रेन की पहली यात्रा 17 अक्टूबर को टाटानगर से शुरू करेगी और 18 को बक्सर पहुंचेगी। उसी दिन शाम को बक्सर से चलेगी और 20 को टाटानगर वापस पहुंचेगी।
18 अक्टूबर, 25 अक्टूबर और एक नवंबर को हर शनिवार शाम 5:15 बजे यह ट्रेन बक्सर से रवाना होगी, जबकि टाटानगर से 17, 24 और 31 अक्टूबर से हर शुक्रवार को प्रस्थान करेगी। 614 किलोमीटर की दूरी को यह ट्रेन 17 घंटे 35 मिनट में तय करेगी।
यात्रा के दौरान ट्रेन 17 प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी, जिनमें आरा, दानापुर, पटना जंक्शन, राजेंद्र नगर टर्मिनल, बख्तियारपुर जंक्शन, मोकामा, किऊल जंक्शन, जमुई, झाझा, जसीडीह जंक्शन, मधुपुर जंक्शन, चित्तरंजन, आसनसोल जंक्शन, जोयचंडी पहाड़ जंक्शन, पुरुलिया और चांडिल जंक्शन शामिल हैं।
दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के तहत संचालित यह विशेष सेवा यात्रियों को त्योहारी मौसम में सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प प्रदान करेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस कदम से त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।