Buxar News: हड़ताल पर गए राजस्व कर्मियों को मिली वार्निंग, ADM की चेतावनी के बाद मचा हड़कंप
बक्सर में एडीएम कुमारी अनुपम सिंह ने राजस्व कार्यों की समीक्षा की। हड़ताल पर गए 42 राजस्व कर्मियों को 25 मई तक लौटने का आदेश दिया गया अन्यथा कार्रवाई होगी। भूमिहीन लाभुकों को भूमि आवंटन में तेजी लाने और लंबित मामलों को निपटाने के निर्देश दिए गए। लगान वसूली में तेजी लाने और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जागरण संवाददाता, बक्सर। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में अपर समाहर्ता कुमारी अनुपम सिंह ने मंगलवार को राजस्व कार्यों की समीक्षा की।
इस दौरान हड़ताल पर जाने वाले एवं हड़ताल पर नहीं जाने वाले राजस्व कर्मचारियों के संदर्भ में अंचलवार समीक्षा के क्रम में पाया गया कि 70 राजस्व कर्मचारियों में से 28 राजस्व कर्मचारी हड़ताल पर नहीं है, शेष 42 राजस्व कर्मचारी हड़ताल पर हैं।
अंचल बक्सर एवं चौसा का कोई भी राजस्व कर्मचारी हड़ताल पर नहीं है। इस पर सभी संबंधित अंचल अधिकारी को हड़ताल पर गए राजस्व कर्मचारियों को हड़ताल से वापस लौटने के लिए सख्त निर्देश देने का निर्देश दिया गया।
एडीएम ने 25 मई तक जो राजस्व कर्मचारी हड़ताल से वापस नहीं आते हैं, उन पर अनुशासनिक कार्रवाई करने के लिए प्रस्ताव देने का निर्देश दिया।
इस क्रम में राज्य के भूमिहीन सुयोग्य श्रेणी के लाभुकों का सर्वेक्षण कर भूमि आवंटित कर ऑनलाइन पर्चा निर्गत किए जाने में पाया गया कि जिले में अभियान बसेरा-2 के तहत सर्वेक्षित सुयोग्य श्रेणी के 2725 भूमिहीन में से मात्र 2427 लाभुकों को भूमि आवंटित की गई है।
इस पर सभी सीओ को शेष सुयोग्य श्रेणी के भूमिहीन लाभुकों को भूमि आवंटित कर ऑनलाइन पर्चा निर्गत करने तथा नाट फिट फॉर एलाटमेंट वाले लाभुकों की जांच कर प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया गया।
एडीएम ने सभी सीओ को 75 दिनों से ज्यादा लंबित सभी मामलों का निष्पादन एक सप्ताह के अंदर करने का निर्देश दिया।
सरकारी भूमि का दाखिल खारिज की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि ब्रह्मपुर, बक्सर, डुमरांव, नावानगर एवं सिमरी के कुल 195 वाद की प्रविष्टि पोर्टल पर पाई गई, जिसमें 04 मामले में भूमि का हस्तांतरण एवं 01 मामले में भूमि का सेटलमेंट किया जा चुका है। शेष 190 मामले का अबतक दाखिल-खारिज की कार्रवाई नहीं की गई है।
बैठक में रैयतों द्वारा लगान की राशि ससमय जमा नहीं करने पर उनके विरुद्ध नीलाम पत्र वाद दायर कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा राजस्व संबंधी प्राथमिकता वाले अन्य कार्यों यथा परिमार्जन प्लस, भू-मापी, लगान वसूली में प्रगति लाने हेतु सभी अंचल सीओ को निर्देश दिया गया।
सभी सीओ को राजस्व संबंधी प्राथमिकता वाले कार्यों में प्रगति लाते हुए कार्य करने, कार्यालय में आने वाले आगंतुकों की बातों को तत्परता के साथ सुनने और उनकी समस्याओं का यथासंभव नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी नगर परिषद एवं नगर पंचायत द्वारा पेयजल की की सुविधा की जांच करने तथा बाढ़ पूर्व तैयारी करने का का निर्देश सभी सीओ काे दिया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।