बक्सर में कांग्रेस नेता के घर पर फायरिंग, फोन पर मिली थी धमकी; 'स्वागत रेस्टोरेंट' से जुड़ा है विवाद!
बक्सर में कांग्रेस नेता और व्यवसायी शुभम तिवारी के आवास पर बुधवार रात फायरिंग की घटना हुई। इस घटना से ...और पढ़ें

कांग्रेस नेता को मिली जान से मारने की धमकी, आवास पर फायरिंग
जागरण संवाददाता, बक्सर। नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबीघाट निवासी शहर के व्यवसायी सह कांग्रेस नेता शुभम तिवारी के आवास पर बुधवार की रात फायरिंग किए जाने की घटना सामने आई है। पीड़ित के अनुसार फायरिंग के कुछ ही देर पूर्व एक नामजद द्वारा फोन पर हत्या करने की धमकी भी दी गई थी।
धमकी के कुछ ही देर बाद उनके आवास पर फायरिंग की गई है। मौके पर पहुंची पुलिस की जांच में घटनास्थल से एक खोखा बरामद करते हुए हमलावरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़ित के अनुसार, बुधवार की रात नौ बजे एक अज्ञात नम्बर से फोन आया। फोन करने वाले ने अपनी पहचान बताते हुए स्वागत रेस्टोरेंट के मामले से दूर रहने की हिदायत दी, अन्यथा हत्या करने की धमकी दी।
पीड़ित का कहना है कि इसके कुछ ही देर बाद उनके आवास पर कुछ अज्ञात लोगों द्वारा ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग की गई। घटना की उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस की जांच में मौके से खोखा भी बरामद किया है।
घटना की पुष्टि करते थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ के साथ पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण के क्रम में एक खोखा मिला है। सीसीटीवी फुटेज में दो व्यक्ति पीड़ित के कैम्पस में जाते और बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं, पर गोली चलाते कोई नहीं दिखा है।
फुटेज में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान के प्रयास के साथ ही पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। इस मामले में पीड़ित द्वारा व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा गया था, लिखित आवेदन मिलते ही प्राथमिकी करते हुए अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।