भोजपुर के केशोपुर-बखोरापुर समेत आधा दर्जन सड़कों पर फिर चढ़ा पानी, राहगीर परेशान
भोजपुर जिले में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है और सड़कें जलमग्न हो गई हैं। बड़हरा में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है जिससे केशोपुर-बखोरापुर मार्ग सहित कई सड़कों पर पानी चढ़ गया है। बाढ़ का पानी कई गांवों के पास तक पहुंच गया है।

जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। भोजपुर जिले में गंगा नदी एक बार फिर तेज गति से बढ़ने लगी है। लगभग एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ने के कारण बड़हरा में गंगा का जलस्तर सोमवार की शाम छह बजे तक 53.60 मीटर पर पहुंच गया था। इस तरह से गंगा खतरे के निशान से 52 सेंटीमीटर उपर बहने लगी थी। खतरे के निशान से आधा मीटर पानी ऊपर होते ही बड़हरा प्रखंड क्षेत्र के केशोपुर-बखोरापुर मुख्य मार्ग समेत आधा दर्जन ग्रामीण सड़कों पर फिर पानी चढ़ गया है।
बखोरापुर-नेकनाम टोला जाने वाली सड़क पर दो से तीन फीट पानी चढ़ गया है। इसी के साथ बड़हरा में लौहर फरना से बखोरापुर को जोड़ने वाला पथ, सिरिसिया लिंक पथ, बलुआ सलेमपुर मुख्य पथ पर बाघा कोल तेतरिया मुख्य सड़क पर, बभनगांवा लिंक पथ, इटाहना लिंक पथ, सिन्हा दुर्गा टोला मुख्य पथ, गजियापुर दुर्गा टोला पथ, फरहदा शिवपुर सरैयां पथ, नेकनाम टोला लिंक पथ, विशुनपुर गांव के लिंक पथ समेत कई सड़कों पर पानी चढ़ने के साथ फैलने लगा है।
दूसरी तरफ बड़हरा के बखोरापुर, केशोपुर, सेमरिया, पड़रिया, बड़का लौहर, फरना, करजा, मुबारकपुर, पकड़ी, नरगदा, बबुरा, कुतुबपुर डेरा, सोहरा, हेतमपुर, महुली, दुर्ग टोला, बभनगांवा, इटाहना, घाघंर, महुदही, कुइयां, नेकनाम टोला, भुसौला, दुबे छपरा, सबलपुर, शिवपुर, पैंगा, गुंडी, छपरा पर, शिव दियरी, कुतुबपुर, फुहां, बड़हरा, खवासपुर, एकवना, सिरिसिया, शालिग्राम सिंह के टोला, विशुनपुर, फरहदा, सबलपुर, पोरहां, लवकुश पुर, मिल्की, ज्ञानपुर, सेमरिया, गजियापुर, नथमलपुर और जीवा राय के टोला समेत अन्य गांवों के बधार में पानी फैलने के साथ कई गांव के समीप भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है।
गुरुवार की शाम से जलस्तर कम होने की संभावना
भोजपुर जिले में गंगा नदी एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही है। बाढ़ नियंत्रण के कार्यपालक अभियंता अविनाश कुमार ने बताया कि इलाहाबाद में गंगा मंगलवार से कम होने लगेगी जिसका असर गुरुवार से भोजपुर जिले में भी दिखने लगेगा। सात सितंबर को जिले में गंगा का जलस्तर 53.16 मीटर था जो 25 सेंटीमीटर बढ़ते हुए आठ सितंबर की सुबह तक 53.41 मीटर पर पहुंच गया। सोमवार की शाम छह बजे तक गंगा का जलस्तर 53.60 मीटर पर था। अगले दो दिनों तक इसी रफ्तार से पानी बढ़ने की आशंका व्यक्त की गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।