Updated: Sun, 13 Jul 2025 09:52 PM (IST)
भोजपुर के शाहपुर में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में एक ग्रामीण की मौत हो गई जिससे आक्रोशित लोगों ने आरा-बक्सर हाईवे को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने एक सैप जवान को बंधक भी बना लिया। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहा है।
जागरण टीम,आरा/शाहपुर। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या तीन मोहल्ला में रविवार की शाम अवैध शराब को लेकर छापेमारी गई उत्पाद विभाग की टीम पर कुछ ग्रामीणों ने हमला कर दिया।
इस दौरान जमकर ईंट-पत्थर बरसाए गए, जिसमें उत्पाद विभाग के कर्मी जख्मी हो गए। बाद में उत्पाद विभाग की ओर से फायरिंग की गई। जिसमें एक ग्रामीण की मौत हो गई।
मृतक 45 वर्षीय सुशील यादव शाहपुर वार्ड तीन निवासी जगदीश यादव के पुत्र थे। पीठ के भाग में गोली लगने की बात सामने आ रही है। जबकि, ग्रामीण उत्तम यादव को भी चोटें आई है। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने उत्पाद विभाग के एक सैप जवान को बंधक बना पिटाई भी की।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
आरा-बक्सर हाईवे को किया जाम
इस घटना के बाद जगदीशपुर एसडीओ संजीत कुमार, डीएसपी राजेश शर्मा एवं थानाध्यक्ष रजनीकांत घटनास्थल पर पहुंच जांच-पड़ताल की। इधर घटना से गुस्साए लोगों ने आरा-बक्सर मुख्य हाईवे को शाहपुर थाना मोड़ के समीप जाम कर परिचालन अवरुद्ध कर दिया है।
दोषी पर कार्रवाई की मांग की जा रही है। एसपी राज ने बताया कि वार्ता कर सैप जवान को छुड़ाने की दिशा में प्रयास जारी है।
बताया जा रहा है कि रविवार की देर शाम जगदीशपुर उत्पाद विभाग की टीम शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या तीन माेहल्ला निवासी सुशील यादव के घर पर छापेमारी करने पहुंची थी। टीम घर की तलाशी कर रही थी, तभी आरोप है कि घरवालों ने उत्पाद विभाग पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
सैप जवान को बनाया बंधक
जिसमें उत्पाद विभाग के कर्मी घायल हो गए। इसके बाद उत्पाद विभाग की ओर से फायरिंग किए जाने का आरोप है। इधर, उत्पाद विभाग के जिस सैप जवान पर सुशील यादव को गोली मारे जाने का आरोप है, उसे घर में ही बंधक बना लिया। जिसको छुड़ाने के लिए बाद में आसपास के थानों को वहां भेजा गया।
इधर, उत्पाद सहायक आयुक्त रजनीश कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान घर की महिलाएं-पुरुष टीम पर ईंट- पत्थर चलाने लगी। टीम में शामिल एक सैप जवान को बंधक बना लिया गया, इसके बाद आत्मरक्षार्थ फायरिंग करना पड़ी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।