Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    क्या शहरी, क्या देहाती, दोनों चढ़ीं दहेज की भेंट: 5 लाख की बुलेट के लिए नेहा और चेन के लिए शकुंतला की हत्या

    By Jagran NewsEdited By: Aditi Choudhary
    Updated: Mon, 05 Jun 2023 02:01 PM (IST)

    भोजपुर जिले में अलग-अलग जगहों से दो विवाहिताओं का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पहला मामला शहर का है तो दूसरा जिले के एक गांव का। दोनों ही मामलों में मायकेवालों ने दहेज के लिए बेटी की हत्या का आरोप लगाया है।

    Hero Image
    नेहा सोनी (बाएं) और शकुंतला देवी (दाएं) की फाइल फोटो। जागरण

    आरा (भोजपुर), जागरण संवाददाता। भोजपुर जिले में सोमवार की सुबह अलग-अलग जगहों से दो विवाहिताओं का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पहला मामला शहर का है तो दूसरा जिले के एक गांव का। दोनों ही मामलों में मायकेवालों ने दहेज के लिए बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। महिलाओं की पहचान शकुंतला देवी और नेहा सोनी के तौर पर की गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जानकारी के मुताबिक, पहली घटना आरा टाउन थाना क्षेत्र के रामगढ़िया मोहल्ला की है। यहां सोमवार सुबह रामगढ़िया निवासी उज्जवल उर्फ अविनाश की पत्नी नेहा सोनी (23 वर्ष) का शव बरामद किया गया। नवादा थाना क्षेत्र के अनाइठ मोहल्ला निवासी मृतका के पिता अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि उन्होंने नेहा सोनी की शादी 13 दिसंबर 2022 को टाउन थाना क्षेत्र के रामगढ़िया मीठा कुआं निवासी शिवजी प्रसाद के पुत्र उज्जवल उर्फ अविनाश के साथ की थी।

    ससुर ने दामाद पर लगाया अवैध संबंध का आरोप

    नेहा पांच महीने की गर्भवती भी थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही दामाद बुलेट बाइक खरीदने के लिए पांच लाख रुपये की मांग करने लगा। ससुर का आरोप है कि उनके दामाद का किसी अन्य लड़की से अवैध संबंध भी है। वह उनकी बेटी को अक्सर बोलता था कि उसे वह पसंद नहीं है। पति और ससुरालवालों द्वारा उसे बराबर प्रताड़ित किया जाता था।

    ससुरालवालों ने ही फोन पर दी मौत की खबर

    सोमवार की सुबह उनके द्वारा फोन कर बताया गया कि उनकी बेटी की मृत्यु हो गई है। मृतका के पिता अरुण कुमार गुप्ता ने बेटी के पति उज्जवल उर्फ अविनाश, सास-ससुर एवं ननद पर बुलेट खरीदने के लिए पांच लाख रुपये मांगने एवं दामाद का किसी और लड़की से अवैध संबंध होने के कारण बेटी की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

    बोरे में मिला विवाहिता का शव

    इधर, जिले के संदेश थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव स्थित कुम्हरी नदी से सोमवार की सुबह एक महिला की हत्या कर बोरे में बांधकर फेंका गया शव बरामद किया गया। मृतका 24 वर्षीया पत्नी शकुंतला देवी संदेश थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव निवासी मुन्ना कुमार की पत्नी थी।

    तीन साल पहले हुई थी शादी

    मृतका के भाई बुटन कुमार ने बताया कि चांदी थाना क्षेत्र के जोकटा गांव निवासी उसके पिता बिटेश्वर यादव ने उसकी बहन शकुंतला की शादी 24 मई 2019 को संदेश थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव निवासी मंटू यादव के पुत्र मुन्ना कुमार से की थी। शादी के दो साल बीत जाने के बाद उसके पति, सास एवं ससुरालवालों द्वारा दहेज में बाइक व सोने की चेन की मांग की जाने लगी।

    आरा के रामगढ़िया में हत्या को लेकर लगी भीड़

    इसको लेकर बराबर उसे प्रताड़ित भी किया जाता था। उसने इसकी शिकायत अपने मायकेवालों से भी की थी। तब मायकेवालों ने कहा था कि बाइक व चेन दे देंगे। मृतका दो माह पूर्व अपने मायके जोकटा गांव गई थी। एक जून को वह वापस ससुराल चली गई। इसके बाद मायकेवालों से उसकी कोई बात नहीं हुई थी।

    ग्रामीणों ने फोन पर दी मौत की जानकारी

    इस बीच सोमवार की सुबह वहां के स्थानीय ग्रामीण द्वारा फोन पर इस घटना की जानकारी मायकेवालों को दी गई। सूचना पाकर मृतका के स्वजन उसके ससुराल सुंदरपुर गांव पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मृतका के ससुराल के सभी लोग फरार है। इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी गई। मृतका के भाई बुटन कुमार ने बाइक और सोने की चेन की मांग को लेकर उसके पति, सास-ससुर एवं देवर पर हत्या कर शव को बोरे में बांधकर कुम्हरी नदी में फेंकने का आरोप लगाया है।