Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bhojpur News: रिंकू देवी ने पीएम आवास से बनाया सपनों का घर, सम्मान पाकर पेश की नई मिसाल

    Updated: Sat, 16 Aug 2025 04:51 PM (IST)

    आरा की रिंकू देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना से मिट्टी के घर को आदर्श घर में बदलकर राष्ट्रपति भवन तक का सफर तय किया। स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मू ने उन्हें सम्मानित किया। रिंकू देवी एक मिड-डे मील रसोइयां हैं जिन्होंने अपनी बचत और परिवार की मदद से आवास योजना का सफल उपयोग किया। इस योजना ने उन्हें समाज में सम्मान दिलाया और एक अविस्मरणीय अनुभव दिया।

    Hero Image
    मिट्टी के घर से रिंकू देवी ने पूरी की राष्ट्रपति भवन तक का सफर। जागरण फोटो

    रितेश चौरसिया, आरा। सरकारी योजनाएं सही हाथों तक पहुंचें तो बदलाव संभव है, यह आरा शहर की रिंकू देवी ने मिट्टी के घर से राष्ट्रपति भवन तक का सफर पूरी कर साबित किया है। उन्होंने जीवन का वो पल देखा, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रधानमंत्री आवास योजना से उन्होंने अपने सपनों का आदर्श घर बनाया और उनकी इस उपलब्धि के लिए शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित भोज में शामिल होने का मौका मिला।

    भोज में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें अपने हाथों से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वार्ड नंबर 33 की निवासी रिंकू देवी को बिहार से चयनित दो लाभुकों में से एक थीं, जिन्हें पीएम आवास योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सम्मानित किया गया।

    रिंकू देवी पेशे से मिड-डे मील रसोइयां हैं और शहर के जैन बाला विश्राम मध्य विद्यालय में मात्र 1600 रुपये मानदेय पर बच्चों का भोजन पकाती हैं। उनके पति स्पेयर पार्ट्स की दुकान पर काम करते हैं। मिट्टी के जर्जर कमरे से निकलकर अब उनके पास चार कमरों का पक्का मकान है।

    साल 2021-22 में उन्हें आवास योजना से दो लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई। इसमें उन्होंने अपनी एक लाख रुपये की बचत भी जोड़ी। पुराने घर से निकले अमला का उपयोग किया और परिवार के लोगों ने खुद निर्माण कार्य में हाथ बंटाकर मजदूरी खर्च बचाया।

    परिणामस्वरूप एक सुंदर, स्वच्छ और मानक अनुरूप घर तैयार हुआ। घर में शौचालय भी बनाया गया है। महापौर इंदू देवी और वार्ड पार्षद आशा देवी की पहल पर स्वतंत्रता दिवस पर सम्मान के लिए नगर निकायों से मांगे गए प्रस्ताव पर इनकी इंट्री भेजी गए।

    कई चरणों में जांच के बाद रिंकू देवी को इस सम्मान के लिए चुना गया। वे कहती हैं कि योजना ने हमें सिर्फ मकान नहीं दिया, बल्कि समाज में सम्मान भी दिलाया। उन्हें दिल्ली जाने-आने की व्यवस्था नगर निगम ने की। पहली बार हवाई जहाज  यात्रा कर उन्होंने नया अनुभव लिया।

    उन्होंने कहा कि जब मैं पहली बार फ्लाइट में बैठी तो ऐसा लगा जैसे सपना देख रही हूं। दिल्ली में फाइव स्टार अशोका होटल में ठहरीं, यह अनुभव जीवनभर याद रहेगा।

    उन्होंने राष्ट्रपति भवन में आयोजित भोज का अनुभव साझा करते हुए बताया कि वहां लगभग 200 प्रकार के व्यंजन परोसे गए थे। उन्होंने कहा कि इस अवसर ने आत्मविश्वासी बना दिया है और वह दूसरों को भी योजनाओं का सही उपयोग के लिए प्रेरित करेंगी।