Ara News: खाना खाने के बाद ननिहाल आई बच्ची की मौत, नाना-नानी समेत तीन लोगों की हालत गंभीर
भोजपुर के रामपुर गांव में भोजन के बाद एक परिवार के चार सदस्य बीमार हो गए जिसमें एक बच्ची की मौत हो गई। मृत बच्ची नव्या कुमारी अपनी ननिहाल आई थी। नाना-नानी समेत तीन लोगों का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि रात को रोटी चावल और दाल खाने के बाद सबकी तबीयत बिगड़ी।

जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के धोबहां थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में सोमवार की रात भोजन करने के बाद एक ही परिवार के चार लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसमें ननिहाल आई एक चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि नाना-नानी समेत तीन लोगों का इलाज आरा सदर अस्पताल व पटना में चल रहा है।
मृत बच्ची नव्या कुमारी बड़हरा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव निवासी मनोज सिंह की पुत्री थी। वह अपने ननिहाल रामपुर गांव में रह रही थी। आक्रांत लोगों में मृतका की बड़ी बहन छह वर्षीय तन्या कुमारी, नाना 70 वर्षीय कन्हैया सिंह तथा नानी 66 वर्षीय बेदामो देवी शामिल हैं।
इनमें गंभीर रूप से बीमार बेदामो देवी को पटना रेफर कर दिया गया है। इधर मृत बच्ची के चचेरे मामा श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि नव्या कुमारी अपनी मां,भाई एवं बहन के साथ दो महीना पहले घूमने के लिए अपने ननिहाल रामपुर गांव आई थी।
इसी बीच बरसात शुरू हो गई और गांव में बाढ़ आ गई। जिसके कारण वह नहीं जा सकी।स्वजनों के अनुसार, रात में सभी ने रोटी, चावल और दाल खाई थी।
इसके कुछ देर बाद ही कन्हैया सिंह, बेदामो देवी, नव्या और तन्या की तबीयत बिगड़ गई।सभी को उल्टी व दस्त होने लगा।
मंगलवार की शाम इलाज के दौरान नव्या कुमारी की मौत हो गई। नाना कन्हैया सिंह एवं बड़ी बहन तान्या कुमारी का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है।नव्या दो बहनों और एक भाई में बीच की संतान थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।