आरा जंक्शन का डीआरएम ने किया निरीक्षण, मिली कई खामियां, दिए सुधार के सख्त निर्देश
दानापुर रेल मंडल के डीआरएम विनोद कुमार ने आरा जंक्शन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं में कमियाँ पाईं जिसके लिए उन्होंने अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने गति शक्ति योजना के कार्यों में तेजी लाने और टूटे प्लेटफॉर्म की मरम्मत करने के भी निर्देश दिए।

जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आरा जंक्शन पर पहली बार नवनियुक्त मंडल रेल प्रबंधक डीआरएम विनोद कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर का बारीकी से जायजा लिया और कई खामियां सामने आने पर तत्काल अधिकारियों को सुधार के सख्त निर्देश दिए।
डीआरएम का यह निरीक्षण यात्रियों की सुविधा और स्टेशन के विकास कार्यों को गति देने के दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है। डीआरएम विनोद कुमार ने सबसे पहले स्टेशन परिसर की साफ-सफाई पर ध्यान केंद्रित किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें प्लेटफॉर्म और यात्री शेड की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली।
जगह-जगह गंदगी और ग्लास की धुंधली स्थिति देख उन्होंने जिम्मेदार सीएचआई सहित कर्मियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण यात्रियों की पहली जरूरत है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान दानापुर रेल मंडल के वरीय वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ, सीनियर इंजीनियर डी.के. सिन्हा, अश्वनी कुमार सिंह, आरा जंक्शन के स्टेशन मास्टर हिमांशु कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। डीआरएम ने अधिकारियों और स्टेशन की समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आरा जंक्शन एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, जहां से प्रतिदिन हजारों यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में यहां की सुविधाओं और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने शेड से पानी टपकने की शिकायतों का भी संज्ञान लिया। उन्होंने इंजीनियरों को शीघ्र मरम्मत कार्य कराकर पानी टपकने की समस्या को दूर करने का निर्देश दिया। साथ ही, पुराने व क्षतिग्रस्त शेड को बदलने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बरसात के मौसम में यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर डीआरएम ने गति शक्ति योजना के तहत आरा जंक्शन पर बन रहे भवन का भी निरीक्षण किया। नक्शा और निर्माण कार्य की प्रगति देखने के बाद वे नाखुश दिखे। उन्होंने कहा कि यह योजना रेलवे का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है, जिसके तहत यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलनी हैं, लेकिन आरा जंक्शन पर काम की रफ्तार बेहद धीमी है। इस पर उन्होंने दानापुर रेल मंडल के इंजीनियरों को क्लास लगाई और निर्माण कार्य में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया।
डीआरएम ने स्पष्ट कहा कि देरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्लेटफॉर्म की स्थिति पर भी डीआरएम ने असंतोष जताया। उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन का निरीक्षण किया, जहां जगह-जगह फर्श टूटा हुआ पाया गया। इस पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित आईओडब्लू को दूसरी जगह भेजने का आदेश दिया और नए अधिकारी को नियुक्त कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और टूटा प्लेटफॉर्म उनके लिए खतरा है।
निरीक्षण के अंत में डीआरएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यात्रियों से भी सहयोग की अपील की और कहा कि स्टेशन की सुविधाओं को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। डीआरएम विनोद कुमार का यह पहला निरीक्षण स्थानीय यात्रियों के लिए उम्मीद की नई किरण के रूप में देखा जा रहा है। यात्रियों का मानना है कि अगर निर्देशों का पालन गंभीरता से किया गया तो आरा जंक्शन की सूरत निकट भविष्य में काफी बदल सकती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।