Bhojpur News: डायल 112 पर बढ़ा जनता का भरोसा, जुलाई में 3929 लोगों ने किया कॉल; 13 मिनट में हो रहा निदान
भोजपुर जिले में डायल 112 पर लोगों का भरोसा बढ़ रहा है। जुलाई में 3929 आपातकालीन कॉलें आईं जिनमें ज्यादातर कानून-व्यवस्था घरेलू हिंसा संपत्ति विवाद और सड़क दुर्घटना से संबंधित थीं। एसपी राज के अनुसार डायल 112 की टीम औसतन 13 मिनट में घटनास्थल पर पहुंच रही है। जिले में 43 गाड़ियां 24 घंटे सेवा में हैं।

जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले में इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम यानी डायल 112 पर आम लोगों का भरोसा लगातार बढ़ता जा रहा है। जुलाई महीने में जिलेभर से कुल 3929 आपातकालीन फोन काल प्राप्त हुईं, जिनमें सर्वाधिक 3070 काल विधि-व्यवस्था संबंधी रहीं।
इसके बाद घरेलू हिंसा के 424 मामले, 166 संपत्ति विवाद, 161 सड़क दुर्घटना और 14 अग्निकांड की सूचनाएं दर्ज की गईं। एसपी राज ने जानकारी दी कि डायल 112 की टीम सूचना मिलने के औसतन 13 मिनट 6 सेकेंड में शिकायतकर्ता तक पहुंच रही है। यह समय निर्धारित मानक (15-20 मिनट) के भीतर है, जो पुलिस की तत्परता को दर्शाता है।
इस सेवा के तहत जिले में 28 चारपहिया वाहन और 15 बाइक, कुल 43 गाड़ियां तीन शिफ्टों में काम कर रही हैं। हर गाड़ी में फर्स्ट एड इमरजेंसी किट भी उपलब्ध है। सेवा 24 घंटे सातों दिन सक्रिय रहती है।
एसपी राज ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में घबराएं नहीं, तुरंत डायल 112 पर कॉल करें। पुलिस पूरी तत्परता से सेवा में लगी है और हर पीड़ित को मदद पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
जुलाई माह में प्राप्त प्रमुख शिकायतें
| शिकायत का प्रकार | कुल शिकायतें |
|---|---|
| सामान्य विधि-व्यवस्था | 3070 |
| घरेलू हिंसा | 424 |
| संपत्ति विवाद | 166 |
| सड़क दुर्घटना | 161 |
| अग्निकांड | 14 |
| कुल कॉल प्राप्त | 3929 |

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।