ICDS विभाग बना भ्रष्टाचार का अड्डा! जिन पर बच्चों के कल्याण की जिम्मेदारी, वही बने वसूली के सिकंदर
भोजपुर जिले में आईसीडीएस विभाग भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरा है। हाल ही में एक डीपीओ समेत कई कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। इन पर बहाली में गड़बड़ी शराब पीने और मृत सेविकाओं के नाम पर वेतन निकालने जैसे गंभीर आरोप हैं। विभाग में फैले भ्रष्टाचार के चलते इसकी कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
धर्मेंद्र कुमार सिंह, आरा। भोजपुर जिले में बच्चों का कल्याण करने वाला विभाग आईसीडीएस अर्थात एकीकृत बाल विकास सेवाएं पर इन दिनों अपने पदाधिकारी और कर्मचारियों की कार्यशैली से जहां भ्रष्टाचार के दाग लग रहे हैं।
जिन पदाधिकारी और कर्मचारियों पर बच्चों के विकास की जिम्मेदारी थी, वही अब बच्चों के मसीहा के बदले वसूली के सिकंदर निकल रहे हैं। विगत दो दिनों के अंदर जहां एक बड़े पदाधिकारी और दो कर्मचारियों पर बड़ी कार्रवाई हुई है, वहीं विभाग के कार्यशैली पर नजर डाले तो पदाधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली से विभाग पर कलंक के दाग लगते रहे हैं।
कलंक कथा पर नजर डालने के बाद पदाधिकारियों व कर्मचारियों के कारनामे की लंबी लिस्ट सामने आ रही है, जो एक से बढ़कर एक हैरत करने वाली जानकारी दे रही हैं। 20 अगस्त को जहां भोजपुर जिले की निवर्तमान डीपीओ रश्मि सिन्हा को नालंदा में रहने के दौरान बहाली प्रक्रिया में विलंब और गड़बड़ी करने पर सस्पेंड किया गया, वहीं दूसरी तरफ शराब पीने के साथ मारपीट करने के आरोपी दो कार्यालय के कर्मियों प्रदुमन कुमार को सस्पेंड और गोपाल जी सिंह को टर्मिनेट किया गया।
इसके अलावा भी इस तरह की कार्रवाई के जद में जिले के वरीय से लेकर कनीय पदाधिकारी और कर्मचारी भी आते रहे हैं। इसी विभाग में एक पदाधिकारी वर्ष 2022 में गड़हनी सीडीपीओ के पद पर तैनात थी मधुरिमा प्रसाद। इन्होंने कई वर्षों से मृत सेविका और कई वर्षों से चयन मुक्त सहायिका को अवैध ढंग से कार्यरत दिखाकर उसके मानदेय की निकासी करवाती रहीं।
मामले का खुलासा होने के बाद सीडीपीओ और बाद में डाटा आपरेटर अभय कुमार को भी सस्पेंड किया गया था। इन दोनों पर लाखों रुपये के गबन को देखते हुए विभाग ने बड़ी कार्रवाई की थी।
वसूली के सिकंदरों की सूची
• 21 अगस्त 2025 को भोजपुर की डीपीओ रश्मि सिन्हा बहाली में लापरवाही पर हुई निलंबित।
• 22 अगस्त 2025 को आईसीडीएस जिला कार्यालय के लिपिक प्रदुमन कुमार और गोपाल जी सिंह नाजीर शराब पीने में निलंबित और टर्मिनेट।
• 17 जून 2025 सहार की पर्यवेक्षिका आशा कुमारी का पैसा लेते वीडियो वायरल। कार्रवाई चल रही है।
• वर्ष 2023 में गड़हनी का डाटा इंट्री आपरेटर अभय कुमार श्रीवास्तव मृत व चयनमुक्त कर्मी को वेतन देने में निलंबित।
• वर्ष 2022 में गड़हनी की सीडीपीओ मधुरिमा प्रसाद मृत व चयनमुक्त कर्मियों को वेतन देने में निलंबित।
• 21 अगस्त 2021 को तरारी प्रखंड की सीडीपीओ मंजू कुमारी को रिश्वत लेते निगरानी ने किया गिरफ्तार।
• 22 नवंबर 2017 में आईसीडीएस के डीपीओ राहुल कुमार को अवैध ढंग से राशि वसूली में किया गया निलंबित।
• वर्ष 2005 में पीरो आईसीडीएस कार्यालय के प्रधान लिपिक अरुण कुमार 10 हजार रिश्वत लेते निगरानी ने किया गिरफ्तार।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।