बिहार-यूपी बॉर्डर विवाद: प्रशासन ने जब्त की 1156 बीघा जमीन, बलिया DM को सौंपे जाएंगे भूमि रिकॉर्ड
बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा और भूमि विवाद के समाधान के लिए बड़हरा अंचल कार्यालय में एक बैठक हुई। इसमें सोहरा, त्रिभुआनी ...और पढ़ें

बिहार-यूपी सीमा विवाद पर हुई बैठक, किसानों में शांति बहाली की जगी उम्मीद (AI Generated Image)
संवाद सूत्र, बड़हरा (आरा)। बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा विवाद और सोहरा, त्रिभुआनी एवं पद्ममिनीया गांवों के बीच लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद के समाधान को लेकर बड़हरा अंचल कार्यालय में बैठक की गई।
बैठक में एसडीपीओ टू रंजीत कुमार सिंह, अंचलाधिकारी अंशु प्रसून तथा कृष्णगढ़ थानाध्यक्ष रौशन कुमार की उपस्थिति में तीनों गांवों के किसानों के साथ विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में त्रिवेदी आयोग की अनुशंसा पर बिहार से उत्तर प्रदेश को स्थानांतरित मौजा - मंदरौली कंस उर्फ त्रिभुआनी एवं मोहनपुर के किसानों के भूमि अभिलेख उत्तर प्रदेश के बलिया जिलाधिकारी को भेजने के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार करने के मुद्दे पर विचार-विमर्श किया गया।
सोहरा, त्रिभुआनी और पद्मिनीया के बीच भूमि विवाद के समाधान तक शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सरकार की ओर से पूर्व नाम पद्ममिनीया एवं वर्तमान मौजा सोहरा की 1156 बीघा जमीन को समस्या का निराकरण होने तक जब्त रखने की सूचना किसानों को दी गई।
इसके साथ ही सोहरा मौजा के दक्षिणी भाग को भी जब्त करने का दिशा-निर्देश दिया गया।
बैठक में त्रिभुआनी गांव के किसान सह भारतीय किसान संघ भोजपुर के संयोजक दया शंकर सिंह, हरिमोहन सिंह एवं धर्मेंद्र सिंह, सोहरा गांव के पवन सिंह, सत्येंद्र सिंह, धनंजय सिंह एवं मनोज सिंह तथा पद्ममिनीया गांव के गेंदा यादव और दशरथ यादव सहित अन्य किसान शामिल हुए।
लगातार हो रही प्रशासनिक बैठकों से सीमा और भूमि विवाद के स्थायी समाधान की उम्मीद बढ़ी है।
यह भी पढ़ें- पश्चिमी चंपारण में जमीन रजिस्ट्री घोटाले का पर्दाफाश, 40 पर वारंट और 17 की संपत्ति होगी कुर्क
यह भी पढ़ें- बेतिया राज की जमीन पर कब्जा करने वालों की खैर नहीं, अब घर पहुंचेगा प्रशासन का नोटिस