Chhath Puja 2026: बिना इनके अधूरा है छठ का पहला अर्घ्य! पीढ़ियों से आस्था की टोकरी बुन रहा भोजपुरा का ये परिवार
पीरो के हसन बाजार में अनुसूचित जाति के कारीगर पीढ़ियों से छठ पूजा के लिए बांस के कलसूप बना रहे ...और पढ़ें

पीढ़ियों से छठ के लिए कलसूप तैयार कर रहे अनुसूचित जाति के कारीगर
HighLights
हसन बाजार में अनुसूचित जाति के परिवार बनाते हैं छठ कलसूप।
पीढ़ियों से चली आ रही पारंपरिक कला और आजीविका का साधन।
इस बार एक हजार सूप बनाने का लक्ष्य, अक्टूबर से काम जारी।
पंचायत सूत्र, हसन बाजार (पीरो)। लोक आस्था के महापर्व छठ (Chhath Puja 2026) की तैयारियों के साथ ही पीरो प्रखंड के हसन बाजार स्थित कातर गांव के वार्ड संख्या छह में अनुसूचित जाति के परिवार बांस के कलसूप बनाने का काम पीढ़ियों से कर रहे हैं।
आम दिनों में मजदूरी करने वाले समुदाय के लोग छठ में पूरे परिवार के साथ इसी काम में जुट जाते हैं। इस बार भी यहां अनुसूचित जाति वर्ग के कारीगर अपनी पारंपरिक कला और मेहनत से सूप तैयार करने में जुटे हैं और उनके बनाए कलसूप बाजार में पहुंच रहे हैं।
छठ पर्व में बांस के कलसूप का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। इसी में फल, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री सजाकर व्रती भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। सूप केवल पूजन की सामग्री नहीं, बल्कि लोक परंपरा और पीढ़ियों से चली आ रही आस्था का प्रतीक भी है।
कारीगर विनोद राम ने बताया कि छठ पर्व को देखते हुए इस बार अक्टूबर की शुरुआत से ही सूप बनाने का काम शुरू कर दिया गया था, ताकि व्रतियों को समय पर पर्याप्त सूप उपलब्ध कराया जा सके। अब तक करीब 500 सूप तैयार किए जा चुके हैं और इस बार एक हजार सूप बनाने का लक्ष्य है।
श्रीभगवान राम ने बताया कि एक दिन में लगभग 10 सूप तैयार हो जाते हैं। इसके लिए पहाड़ी बांस का इस्तेमाल किया जाता है, जिसे पीरो बाजार से खरीदकर लाते हैं। एक बांस की कीमत करीब 250 से 300 रुपये पड़ती है। इस बार एक सूप की कीमत 80 से 100 रुपये के आसपास रहने की उम्मीद है।
पीढ़ियों से सहेज रहे पारंपरिक हुनर
कारीगर रीना देवी ने बताया कि बांस के सूप बनाने की कला उनके परिवार में पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही है। इसमें परिवार के सभी सदस्यों का सहयोग रहता है।
उन्होंने कहा कि छठ की परंपरा में बांस से बने सूप का अपना विशेष महत्व है। इस काम से परिवार की आजीविका भी जुड़ी हुई है।
बदलते समय में पूजन के लिए पीतल के सूप का इस्तेमाल बढ़ा है, फिर भी बांस के सूप के प्रति लोगों की आस्था और पारंपरिक लगाव बना हुआ है।
इस कार्य में दसई डोम, संतोष डोम, आनंदी देवी, संपति देवी, संजय राम, रीना देवी, पूजा देवी और हिरामुन देवी सहित अन्य लोग जुटे हैं। इन कारीगरों की मेहनत से छठ की परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।