Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में छठ पूजा के लिए घर जा रहे दो पुलिसवालों की मौत, बक्‍सर से जा रहे थे मोतिहारी; भोजपुर में सड़क हादसा

    By Jagran NewsEdited By: Shubh Narayan Pathak
    Updated: Sat, 29 Oct 2022 09:36 AM (IST)

    Bihar News भोजपुर में ट्रक से कुचलकर दो सिपाहियों की मौत छठ पूजा करने जा रहे थे घर। बक्‍सर जिले के अंतर्गत डुमरांव में थे पदस्थापित। बाइक से जा रहे थे ...और पढ़ें

    Hero Image
    बिहार में सड़क हादसे में दो पुलिसवालों की मौत। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

    आरा, जागरण संवाददाता। Bhojpur News: बिहार में छठ पूजा के लिए घर जा रहे दो पुलिस वालों की सड़क हादसे में मौत हो गई। ये दोनों ही बक्‍सर जिले के डुमरांव से बाइक पर सवार होकर पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जा रहे थे। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-बक्सर एनएच 84 पर बिलौटी गांव के समीप शनिवार की सुबह एक ट्रक से इनकी बाइक की टक्‍कर हो गई। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कुछ महीनों से बक्‍सर में थे तैनात 

    इस हादसे में बिहार विशेष सशस्त्र बल के दो सिपाहियों की मौत हो गई। मृतक दोनों सिपाही बाइक से छठ व्रत को लेकर अपने गांव पूर्वी चंपारण जा रहे थे। इस दौरान शनिवार की अहले सुबह बेलगाम ट्रक ने दोनों को रौंद दिया। दुर्घटना में दोनों जवानों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। दोनों ही सिपाही बीएसएपी के जवान थे, जो पिछले कुछ महीनों से बक्सर जिले के डुमरांव बीएसएपी-4 में तैनात थे।

    आधा सफर भी नहीं कर पाए पूरा 

    दोनों आधा सफर भी पूरा नहीं कर पाए और हादसा हो गया। दोनों शनिवार की भोर में ही डुमरांव से चल पड़े। डुमरांव से मोतिहारी की दूरी करीब 230 किलोमीटर है। उनको उम्‍मीद थी कि दोपहर होते-होते घर पहुंच जाएंगे। लेकिन नियती को कुछ और ही मंजूर था। करीब 40 किलोमीटर का सफर पूरा करते ही दोनों हादसे का शिकार हो गए। 

    मोतिहारी और बेतिया के थे जवान 

    मृतकों में बिहार सशस्त्र पुलिस के 25 वर्षीय जवान सुशील कुमार झा और 26 वर्षीय जगदीश साह शामिल हैं। सुशील झा पश्चिम चंपारण के टिकटा थाना क्षेत्र के बेहारी गांव और जगदीश साह पूर्वी चंपारण के सुगौली थाना क्षेत्र के पंजियरवा गांव के रहने वाले थे। दोनों बीएमपी- 4 में कार्यरत थे।

    डीजी ने हादसे पर जताया दुख 

    हादसा सुबह साढ़े छह बजे के आसपास हुआ। हादसे के बाद ट्रक भी सड़क किनारे पलट गया। वहीं चालक फरार बताया जा रहा है। दुर्घटना का कारण अनियंत्रित परिचालन बताया जा रहा है। इधर, BSAP (बीएसएपी) के डीजी एके अंबेडकर ने हादसे पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि स्वजनों को सूचना दे दी गई है। दोनों शवों को सम्मान के साथ पैतृक घर भेजने की व्यवस्था की जा रही है। 

    छठ व्रत को लेकर एक ही बाइक से जा रहे थे घर 

    बताया जा रहा है कि मृतक दोनों सिपाही सुशील कुमार झा और जगदीश साह बाइक से छठ व्रत को लेकर अपने गांव पूर्वी चंपारण बाइक से जा रहे थे। इस दौरान हाइवे पर बिलौटी गांव के समीप  शनिवार की अहले सुबह बेलगाम ट्रक ने दोनों को रौंद दिया। दुर्घटना में दोनों जवानों की मौत घटनास्थल पर भी हो गई।

    112 गश्‍ती दल लाया अस्‍पताल 

    शाहपुर थानाध्यक्ष नित्यानंद शर्मा ने बताया कि मृतक दोनों जवान को दुर्घटना के तुरंत बाद 112 गश्ती दल के पुलिस पदाधिकारी राजेंद्र सिंह द्वारा शाहपुर रेफरल अस्पताल लाया गया। हालांकि, उनकी मौत हो चुकी थी। ट्रक आरा से बक्सर की ओर जा रहा था ‌। जबकि, दोनों जवान आरा की तरफ आ रहे थे।  हादसे के बाद ट्रक भी सड़क किनारे पलट गया है। 

    पहचान पत्र से हो सकी शिनाख्त 

    इधर, मृतकों के पास से मिले पहचान पत्र से उनकी शिनाख्त हो सकी। इसके बाद डुमरांव बीएमपी-4 के अफसरों को सूचना दी गई। मृतक जवानों के शव को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष नित्यानंद ने बताया कि सुबह पहर गांव की महिलाएं टहलने निकली हुई थीं, जिन्होंने हादसे के बाद गांव के लोगों को तत्काल जानकारी दी। सूचना पर टीम को वहां तत्काल भेजा गया।