भोजपुर में खूनी वारदात: दिल्ली से घर लौटी बहू की गोली मारकर हत्या, संपत्ति को लेकर हुआ था विवाद
भोजपुर के अगिआंव गांव में बुधवार सुबह एक महिला सीमा देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
-1791947755748_m.webp)
जांच करने पहुंची पुलिस की टीम। फोटो जागरण
HighLights
भोजपुर के अगिआंव गांव में महिला की गोली मारकर हत्या।
मृतका सीमा देवी पांच दिन पहले दिल्ली से लौटी थी।
पारिवारिक विवाद में भैंसुर पर हत्या का आरोप, फरार।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के अगिआंव गांव में बुधवार की अहले सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान अगिआंव निवासी अमीत कुमार राय की 40 वर्षीय पत्नी सीमा देवी के रूप में हुई है।
महिला के पेट में गोली लगी है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। हत्या का आरोप महिला के भैंसुर सुमंत राय पर लगाया जा रहा है। घटना के बाद से आरोपित फरार बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ वन सुशील कुमार और गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत समेत अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
एफएसएल की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही घटना के कारणों का पता लगाने में लगी है।
पांच दिन पहले दिल्ली से बच्चों के साथ गांव आई थी महिला
जानकारी के अनुसार, सीमा देवी अपने पति अमीत कुमार राय के साथ दिल्ली में रहती थीं। उनके पति वहां निजी कंपनी में काम करते हैं।
करीब पांच दिन पहले सीमा अपने बच्चों के साथ अगिआंव स्थित गांव आई थीं। बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह घर के अंदर किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान महिला को गोली मार दी गई। पेट में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पारिवारिक और संपत्ति विवाद की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस घटना को पारिवारिक और संपत्ति विवाद से जोड़कर देख रही है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है। घटनास्थल की जांच और स्वजन से पूछताछ के बाद मामले में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- Muzaffarpur News : यूपी के संतोष यादव व रतन के अपहरण मामले में गाजीपुर के आरोपित को जेल
यह भी पढ़ें- भागलपुर में कुख्यात खोखा सिंह के बेटे ज्योतिष कुमार की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी
