Ara News: जमाबंदी प्रपत्र का 100 प्रतिशत वितरण मुश्किल, अबतक 86 प्रतिशत बंटे
भोजपुर जिले में राजस्व महाअभियान अंतिम चरण में है जिसमें 6.64 लाख से अधिक जमाबंदी प्रपत्र वितरित किए गए हैं। संदेश अंचल सबसे आगे है जबकि बड़हरा में सबसे कम वितरण हुआ है। किसानों को प्रपत्र जमा करने में कागजात संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अब तक केवल 89790 प्रपत्र ही जमा हुए हैं जबकि अभियान 20 सितंबर तक चलेगा।

जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले में राजस्व महा-अभियान अब अंतिम चरण में चल रहा है। जिले में कुल 7,73,713 जमाबंदी प्रपत्र में से 13 सितंबर तक लगभग 86% या 6,64,100 का ही वितरण हो पाया है। 6.64 लाख से ज्यादा प्रपत्र का वितरण होने के कारण इन सभी को रैयतों के द्वारा भर कर देने में काफी आसानी होगी।
वैसे प्रपत्र वितरण लक्ष्य के अनुरूप देखे तो इसके वितरण की गति धीमी है परंतु एक साथ कई कार्यों के चलने के कारण यह मंद गति से चल रहा है। इसका वितरण समय से होता तो रैयतों को ज्यादा लाभ मिलता। जमाबंदी प्रपत्र वितरण करने के मामले में जिले में सबसे आगे संदेश अंचल है।
यहां पर कुल 34,133 जमाबंदी का वितरण करना था परंतु विभागीय कार्य कुशलता और सफल मानेटरिंग के कारण 34,544 यानी 101% से भी ज्यादा का वितरण हो गया है। दूसरी तरफ सबसे कम वितरण बड़हरा अंचल में हुआ है। यहां पर 51,420 जमाबंदी प्रपत्र में से महज 36,854 यानी लगभग 72% का ही वितरण हुआ है जो जिले में सबसे कम है। इसका कारण बाढ़ बताया जा रहा है।
दूसरी तरफ, इस मामले में बाढ़ होने के बाद भी शाहपुर अंचल क्षेत्र में लगभग 89% वितरित हुआ है जो कई अंचलों से बेहतर स्थिति को दर्शाता है। यहां पर 47,553 वितरित करने थे, जिसमें से 42,123 का वितरण किया जा चुका है।
इसके बाद 90% से ज्यादा वितरण करने वाले अंचलों में अगिआंव 95% तरारी और सहार 94% से ज्यादा चरपोखरी और बिहिया में 93%-93% वितरण हो चुका है। वैसे प्रपत्र संख्या के हिसाब से आरा सदर अंचल में सबसे ज्यादा 91,399 वितरित हुए हैं जो कई अंचलों से दो गुणा और तीन गुणा है।
एडीएम राजस्व शाखा शशि शेखर ने बताया कि प्रपत्र वितरण का कार्य 15 सितंबर तक 95 प्रतिशत से ज्यादा हो चुका है। अब कैंप के द्वारा सभी कागजात भरवा कर रैयतों से लिए जा रहे हैं। इधर, मंगलवार को आरा सदर अंचल में लगे विशेष कैंप में सीओ पल्लवी गुप्ता ने बताया कि 3500 से ज्यादा आवेदन जमा लिए गए।
जमाबंदी प्रपत्र वापस जमा करने में किसानों के छूट रहे पसीने
भोजपुर जिले में जमाबंदी प्रपत्र मिलने के बाद उसे जमा करने में किसानों के पसीने छूट रहे हैं। प्रपत्र के साथ विभाग ने एक से लेकर छह प्रकार के कागजातों को मांगा है। इन कागजातों को बनवाने में किसानों को पसीने छूट रहे हैं। एक तरफ जहां कागजात बनवाने में परेशानी हो रही है वहीं काफी समय भी लग रहा है जिस कारण इस महा-अभियान का लाभ काफी कम किसानों को मिलने की संभावना है।
89,790 जमाबंदी प्रपत्र ही अब तक हुए जमा
एक तरफ जहां जिले में अब तक 6.64 लाख जमाबंदी वितरित किए जा चुके हैं, वहीं दूसरी तरफ अब तक केवल 89,790 प्रपत्र ही वापस जमा हुए हैं। इसमें से 46,547 ऑफलाइन एवं 43,243 ऑनलाइन जमा हुए हैं। जिले में अब तक 610 शिविर का आयोजन किया जा चुका है। राजस्व महा-अभियान 20 सितंबर तक चलेगा।
अंचल | कुल जमाबंदी | कुल वितरित |
---|---|---|
अगिआंव | 46293 | 44333 |
आरा सदर | 107532 | 91399 |
बड़हरा | 51420 | 36854 |
बिहिया | 49364 | 45885 |
चरपोखरी | 33909 | 31759 |
गड़हनी | 30788 | 25932 |
जगदीशपुर | 79880 | 69519 |
कोईलवर | 65148 | 53927 |
पीरो | 78426 | 59214 |
सहार | 32900 | 31111 |
संदेश | 34133 | 34544 |
शाहपुर | 47553 | 42123 |
तरारी | 49211 | 46346 |
उदवंतनगर | 67156 | 51154 |
कुल | 773713 | 644100 |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।