PM Kisan Yojana 2025: धरती तो छोड़िए जनाब, भोजपुर के किसान को स्वर्ग में भी मिल रहा सम्मान
भोजपुर में किसान सम्मान निधि योजना में बड़ी अनियमितताएं सामने आई हैं। जिले में 1.55 लाख किसानों को लाभ मिल रहा है, लेकिन मृत किसानों और सेना में सेवारत या सेवानिवृत्त कर्मियों के नाम पर भी राशि जारी की जा रही है, जिनकी परिवारों को अक्सर इसकी जानकारी नहीं होती।
राकेश तिवारी, बड़हरा (आरा)। केंद्र सरकार ने वर्ष 2019 में किसानों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की थी। भोजपुर में एक लाख 55 हजार किसानों को इस योजना का लाभ मिल रहा है। जिले में योजना इतनी उदार है कि परलोक सिधार गए किसान को भी इसका लाभ मिल रहा और उनके खाते में राशि जा रही है।
जब लाभार्थी के रूप में सूचित मृतक किसान के स्वजनों को इसकी जानकारी हुई, तब योजना में बरती जा रही अनियमितता का पता चला। अब कृषि विभाग पूरे मामले की जांच कराने की बात कह रहा है। किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को प्रति वर्ष छह हजार रुपये खाता में हस्तानांतरण के जरिए प्रदान किए जाते हैं।
सेमरिया पड़रिया पंचायत के सेमरिया निवासी गौतम सिंह की मृत्यु करीब नौ वर्ष पहले हो गई थी और उनके नाम पर अबतक किसान सम्मान निधि की राशि उठाई जा रही है। हैरानी की बात है कि उनके घर के लोगों को इस बात की जानकारी तक नहीं है।
स्व.गौतम सिंह के पुत्र रूद्र प्रताप सिंह ने बताया कि करीब नौ वर्ष पहले मेरे पिता गौतम सिंह की मृत्यु हो गई थी, मेरे पिता और मेरे नाम पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि राशि का पैसा उठाया जा रहा है, जबकि हमें इसकी जानकारी तक नहीं थी।
उन्होंने बताया कि ई केवाईसी करने के दौरान उन्हें यह जानकारी मिली और इससे कृषि विभाग को उन्होंने अवगत करा दिया। रूद्र प्रताप सिंह के नाम पर भी अलग से सम्मान निधि चालू है।
सेना में सेवारत लोगों के नाम पर भी सम्मान निधि निर्गत
सेमरिया के किसान संतोष सिंह ने बताया कि प्रखंड कृषि विभाग के इस कारनामे से लोग अचंभित हैं। उन्होंने बताया कि सेमरिया गांव के सुजीत कुमार सिंह एयर फोर्स में नौकरी करते हैं, उनके नाम पर किसान सम्मान निधि की राशि उठाई जा रही है, जबकि उनके घर के किसी परिवार को पता नहीं। इसी गांव के सचिन कुमार सिंह आर्मी से रिटायर्ड होकर आये हैं।
उन्होंने बताया कि हम सम्मान निधि का लाभ नहीं लेते हैं, लेकिन मेरे नाम पर सम्मान निधि की राशि उठाई जा रही है, इसकी जानकारी तक हमें नहीं है।कहते हैं अधिकारी मेरे संज्ञान में मामला आया है, खाता और आधार नंबर के आधार पर इस मामले की गहनता से जांच होगी। कन्हैया कुमार सिंह, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, बड़हरा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।