विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोजपुर में नशेड़ी की 'रंगबाजी' पड़ी भारी: ग्रामीण पर तानी पिस्टल और चला दी गोली, वायरल हुआ वीडियो

Published: Tue, 17 Nov 2026 10:41 AM (GMT+05:30)

भोजपुर के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बसौरी गांव में शराब के नशे में पिस्टल तानकर फायरिंग करने वाले आरोपित सुनील कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

HighLights

  1. बसौरी गांव में नशे में धुत व्यक्ति ने की फायरिंग।

  2. वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने की गिरफ्तारी।

  3. आरोपित सुनील कुमार से देसी पिस्टल हुई बरामद।

जागरण संवाददाता, आरा। उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बसौरी गांव में शराब के नशे में धुत होकर ग्रामीण पर पिस्टल तानने और फायरिंग करने के आरोपित को पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है। देसी पिस्टल लेकर ग्रामीण को धमकाते आरोपित का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।

ग्रामीणों के सहयोग से आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। उसके पास से कांड में प्रयुक्त देसी पिस्टल भी बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपित सुनील कुमार बसौरी गांव का निवासी है। इस मामले में गांव के ही वीरेंद्र सिंह ने उसके विरुद्ध नामजद प्राथमिकी कराई है। प्राथमिकी में फायरिंग करने का भी आरोप लगाया गया है।

प्राथमिकी के अनुसार, वीरेंद्र सिंह गांव के ही संजय सिंह के साथ बसौरी पुल पर बैठे हुए थे। इसी दौरान आरोपित शराब के नशे में बाइक से वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।

विरोध करने पर उसने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। इसके बाद वह भागने लगा। हालांकि, ग्रामीणों के सहयोग से उसे देसी पिस्टल के साथ पकड़ लिया गया। बाद में सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया गया।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपित पूर्व में भी गांव के अन्य लोगों के साथ इस तरह का व्यवहार कर चुका है। इस संबंध में उदवंतनगर थानाध्यक्ष जयंत प्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित पूर्व में भी मारपीट के मामलों में आरोपित रहा है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।

यह भी पढ़ें- आरा में मणिपुर के पर्यटकों को बनाया बंधक, पिस्टल तानकर मांगी 3 लाख की रंगदारी; पुलिस ने 5 को पकड़ा

यह भी पढ़ें- हवलदार के पुत्र की हत्या के बाद चंदवा मोड़ पर बवाल, आरा-बक्सर हाईवे जाम कर आगजनी; एनकाउंटर की मांग पर अड़े परिजन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।