आरा में मणिपुर के पर्यटकों को बनाया बंधक, पिस्टल तानकर मांगी 3 लाख की रंगदारी; पुलिस ने 5 को पकड़ा
आरा में मणिपुर के पर्यटकों को बंधक बनाकर तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है।
-1794579412463_m.webp)
पुलिस ने सभी को कराया मुक्त। (जागरण)
HighLights
मणिपुर के पर्यटकों को आरा में बंधक बनाया गया।
बदमाशों ने तीन लाख रुपये की रंगदारी की मांग की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर चार आरोपितों को पकड़ा।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के आरा शहर में गुरुवार की देर रात मणिपुर से आए पर्यटकों को बंधक बनाकर तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है।
घटना टाउन थाना क्षेत्र के सपना सिनेमा मोड़ के समीप स्थित एक लॉज की है। कमरे में तीन लोगों को बंधक बनाकर पिस्टल का भय दिखाया गया और रंगदारी नहीं देने पर उनके साथ मारपीट की गई।
इस मामले में भोजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक विधि विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों में आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अलीपुर निवासी मनी कुमार, टाउन थाना क्षेत्र के नेहरूनगर निवासी आशीष कुमार और अब्बी कुमार तथा आनंदनगर निवासी सुजल कुमार शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल (मैगजीन सहित), एक कारतूस और चार मोबाइल बरामद किए हैं।
सदर एसडीपीओ वन सुशील कुमार ने शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि रात दस बजे आरा टाउन थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सपना सिनेमा मोड़ के समीप स्थित एक लॉज में कुछ बदमाशों ने बाहरी लोगों को बंधक बना रखा है।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित के निर्देश पर सदर एसडीपीओ-01 के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम तत्काल मौके पर पहुंची। लॉज के एक कमरे से हो-हल्ला की आवाज सुनाई देने पर पुलिस ने दरवाजा खुलवाया।
कमरे के अंदर तीन लोग जख्मी और डरे-सहमे हालत में मिले। पूछताछ में बंधक बनाए गए लोगों की पहचान मणिपुर के सेनापति निवासी एन. मोसोहरी और डीपी फिलिप तथा गयाजी जिले के विष्णुपद थाना के नौवागढ़ी निवासी गाइड समीर कुमार के रूप में हुई।
गाइड समीर कुमार ने पुलिस को बताया कि वे एक होटल में ठहरे हुए थे। इसी दौरान आरोपित मनी कुमार उन्हें बहला-फुसलाकर होटल से सपना सिनेमा मोड़ के पास स्थित एक लॉज में ले गया।
वहां पहले से मौजूद अन्य बदमाशों ने उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया और पिस्टल का भय दिखाकर तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रकम नहीं देने पर उनके साथ मारपीट की गई। बदमाशों ने दबाव बनाकर पीड़ितों से 20 हजार रुपये भी मंगवा लिए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।