विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार: शादी से पहले बहन को बताया बदचलन, विरोध करने पर चचेरे भाई की तलवार से काटकर हत्या; 2 गिरफ्तार

Published: Fri, 13 Nov 2026 12:16 AM (IST)

पूर्वी चंपारण के चकिया में प्रेम प्रसंग के विरोध में एक युवक सुबोध कुमार की तलवार से काटकर हत्या कर दी गई।

पकड़े गए आरोपी। (जागरण)

पकड़े गए आरोपी। (जागरण)

HighLights

  1. पूर्वी चंपारण के चकिया में युवक की तलवार से हत्या।

  2. प्रेम प्रसंग के विरोध में हुई वारदात, दो आरोपी गिरफ्तार।

  3. मृतक की चचेरी बहन को बदचलन बताने पर विवाद बढ़ा।

संवाद सहयोगी, चकिया। पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थानाक्षेत्र के मनिछपरा वार्ड संख्या-दो में बुधवार की देर रात तलवार से काटकर एक युवक की हत्या कर दी गई।

युवक फुलगेन साह का पुत्र सुबोध कुमार (19) था। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का विरोध बताया जाता है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले के आरोपितों में से दो संजय साह व उनके पुत्र को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार संजय साह का पुत्र नाबालिग बताया गया है। पुलिस इसका सत्यापन कर रही है। घटना की बाबत सुबोध के भाई मुनील कुमार के आवेदन पर संजय साह, उनके दो पुत्र, पुत्री प्रीति कुमारी व संजय के बहनोई किशोर साह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पीड़ित व आरोपित दोनों के घर आमने-सामने हैं। दोनों आपस में पट्टीदार हैं। फुलगेन व संजय आपस में पट्टीदारी के नाते भाई हैं।

जिस लड़की की शादी रोहित ने काटी और बदलचन बताया वह रिश्ते में उसकी बहन है। इस बीच रोहित व युवती के बीच प्रेम-संबंधों की बात भी सामने आई है। पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है।

पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक की चचेरी बहन की शादी पिपरा थाना क्षेत्र के सरियतपुर तुरहा टोला निवासी अशोक साह के पुत्र विवेक कुमार से तय हुई थी।

21 नवंबर को शादी होनी थी। इस बीच बुधवार को संजय साह के पुत्र रोहित कुमार ने लड़के को फोन कर बारात नहीं लाने की धमकी देते हुए लड़की से अपने प्रेम संबंध की जानकारी दी। उसे बदचलन बताया।

दोनों पक्षों में हुई तीखी बहस

इसको लेकर देर रात करीब दस बजे वधू पक्ष के लोगों ने अपने पट्टीदार संजय साह के घर जाकर पूरी घटना की जानकारी दी। इसी दौरान दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई और संजय साह ने तलवार से सुबोध का हाथ काटकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।

स्वजन घायल को लेकर रात्रि में ही अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने मोतिहारी रेफर कर दिया। जहां अत्यधिक रक्तस्राव के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सूचना पर एसडीपीओ संतोष कुमार के नेतृत्व में थानाध्यक्ष धर्मप्रकाश कुमार, दारोगा धनंजय कुमार,मौसम कुमार, साक्षी सेहा, पलटू पासवान एवं सशस्त्र बल ने छापेमारी कर आरोपित पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।

एसडीपीओ ने बताया कि मृतक सुबोध के भाई के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में संजय व उनके पुत्र-पुत्री व बहनोई के अतिरिक्त मुसाफिर साह को भी आरोपित किया गया है। दो लोगों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की टीम शेष की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है।

यह भी पढ़ें- किशनगंज में मामूली विवाद में इतनी बड़ी घटना, बहू संग खाना खा रही मां पर बरसाए लात-घूंसे, तड़पकर हुई मौत; बेटा ग‍िरफ्तार



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।