भिखारी ठाकुर की जयंती पर देशभर से जुटेंगे भोजपुरी विद्वान, आरा में 3 दिनों तक होंगे रंगारंग कार्यक्रम
भिखारी ठाकुर सामाजिक शोध संस्थान 15-18 दिसंबर तक आरा में लोकरस रंग सह सम्मान समारोह आयोजित करेगा।

भिखारी ठाकुर परंपरा के कलाकार रामाज्ञा राम की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देते लोग। सौ.- आयोजक
HighLights
भोजपुरी भाषा-संस्कृति पर राष्ट्रीय परिचर्चा का आयोजन होगा।
'गबरघिचोर' नाटक का मंचन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
देशभर से भोजपुरी भाषाविद और शोधार्थी होंगे शामिल।
जागरण संवाददाता, आरा। भिखारी ठाकुर सामाजिक शोध संस्थान की ओर से भिखारी ठाकुर जयंती के अवसर पर आगामी 15 से 18 दिसंबर तक लोकरस रंग सह सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
इस बार संस्थान के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर समारोह को विशेष स्वरूप देने की तैयारी है। इसके तहत भोजपुरी भाषा-संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन पर राष्ट्रीय स्तर की परिचर्चा आयोजित होगी, जिसमें देशभर के भोजपुरी भाषाविद, शोधार्थी और विद्वान जुटेंगे। इसके साथ ही नाटक, काव्य संध्या, कहानी पाठ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समारोह का आकर्षण होंगी।
रविवार को भिखारी ठाकुर सांस्कृतिक मंच, पटेल बस पड़ाव परिसर में संस्थान के सदस्यों की बैठक में आयोजन की रूपरेखा तय की गई।
अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय भोजपुरी संस्थान, छपरा के डॉ. उमाशंकर साहू ने कहा कि भोजपुरी भाषा और संस्कृति के संरक्षण पर केंद्रित परिचर्चा के लिए देशभर के विद्वानों को आमंत्रित किया जा रहा है। उनकी सहमति मिलने के बाद वक्ताओं की सूची जारी की जाएगी।
‘गबरघिचोर’ का होगा मंचन, स्कूली बच्चे दिखाएंगे प्रतिभा
चार दिवसीय समारोह में कोइलवर के रंगकर्मी शशि कुमार उर्फ पंकज कुमार सिंह के निर्देशन में भिखारी ठाकुर की चर्चित कृति ‘गबरघिचोर’ का मंचन होगा।
इसके अलावा काव्य संध्या और कहानी पाठ का आयोजन किया जाएगा। स्कूली विद्यार्थियों के लिए भोजपुरी चित्रकला प्रतियोगिता होगी।
विभिन्न विद्यालयों की टीमें भोजपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। कत्थक नृत्य के साथ रांची (झारखंड) की टीम की सांस्कृतिक प्रस्तुति भी होगी।
पूरे साल भोजपुरी विरासत पर होंगे कार्यक्रम
बैठक में रजत जयंती वर्ष के दौरान पूरे साल महत्वपूर्ण दिवसों पर भोजपुरी साहित्य, भाषा और संस्कृति से जुड़े आयोजन करने पर सहमति बनी।
संस्थापक अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र सिंह ने बैठक का संचालन करते हुए बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और जिला कला-संस्कृति पदाधिकारी से वार्ता की गई है। जिले के जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील की जाएगी।
रामाज्ञा राम को दी गई श्रद्धांजलि
बैठक के अंत में की भिखारी ठाकुर परंपरा के कलाकार रामाज्ञा राम की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। गोपालगंज से आए डॉ. जैनेन्द्र कुमार शुक्ल ने भोजपुरी कला के क्षेत्र में उनके अविस्मरणीय योगदान को याद किया।
बैठक में सचिव रवि प्रकाश सूरज, सह सचिव आलोक कुमार सिंह, व्यास कमलेश पासवान, रंगकर्मी सरफराज अहमद, मुन्ना राय, स्वामी विक्रमादित्य, धनंजय कटकैरा, कृष्ण यादव कृष्णेंदु सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने आयोजन की सफलता के लिए आर्थिक सहयोग अभियान तेज करने का संकल्प लिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।