विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न नौकरी, न बड़ी दुकान... घर के एक छोटे से प्रयोग से आरा की रीना ने शुरू किया ऐसा काम; अब रोज हो रही कमाई

Published: Thu, 26 Nov 2026 09:52 PM (IST)

रीना कुमारी ने भोजपुर के गांगी में घर से मशरूम उत्पादन का काम शुरू किया। शुरुआती नुकसान के बावजूद, उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अब प्रतिदिन लगभग पांच किलो मशरूम का उत्पादन कर रही हैं, जिससे उन्हें अच्छी कमाई हो रही है।

रीना ने भोजपुर के गांगी में घर से ही मशरूम उत्पादन का काम शुरू किया

रीना ने भोजपुर के गांगी में घर से ही मशरूम उत्पादन का काम शुरू किया

HighLights

  1. रीना कुमारी ने भोजपुर में घर से मशरूम उत्पादन शुरू किया।

  2. शुरुआती नुकसान के बाद भी हिम्मत नहीं हारी, दोबारा प्रयास किया।

  3. अब प्रतिदिन पांच किलो मशरूम बेचकर आत्मनिर्भर बन रही हैं।

अरुण प्रसाद, आरा(भोजपुर)। कुछ नया करने और अपने पैरों पर खड़ा होने का सपना हो तो छोटी सी शुरुआत भी बड़ी कामयाबी का रास्ता खोल सकती है। इसकी मिसाल हैं रीना कुमारी। बक्सर जिले के ब्रह्मपुर प्रखंड के कांट गांव की रहने वाली रीना ने भोजपुर के गांगी में घर से ही मशरूम उत्पादन का काम शुरू किया।

पहली कोशिश में नुकसान हुआ, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। दोबारा शुरुआत की और अब उनके केंद्र पर प्रतिदिन करीब पांच किलो मशरूम का उत्पादन हो रहा है। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), कोइलवर से प्रशिक्षण लेकर उन्होंने वर्ष 2026 में इस काम को स्वरोजगार का रूप दिया।

150 बैग लगाए, घाटा हुआ तो 50 बैग से फिर शुरू की नई पारी

रीना ने जुलाई 2026 में करीब 150 बैग से मशरूम उत्पादन की शुरुआत की थी। यह ऑफ सीजन होने के कारण उन्हें न तो अपेक्षित उत्पादन मिला और न ही बाजार। इस प्रयास में उनकी पूंजी भी वापस नहीं आ सकी।

हालांकि, इस नुकसान ने उनका हौसला नहीं तोड़ा। उन्होंने अपनी गलतियों से सीख ली और अक्टूबर में करीब 50 बैग के साथ दोबारा काम शुरू किया। इस बार उत्पादन बेहतर हुआ तो उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा। अब उन्होंने आगे उत्पादन बढ़ाने के लिए अतिरिक्त बीज भी मंगवाए हैं।

24 से 35 दिनों में तैयार होती है मशरूम, एक बैग से तीन बार कमाई

रीना के अनुसार, मशरूम तैयार होने में कम से कम 24 दिन और अधिकतम 30 से 35 दिन का समय लगता है। खास बात यह है कि एक बैग से तीन बार उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। इस तरह सीमित संसाधनों में भी उत्पादन की प्रक्रिया को लगातार आगे बढ़ाया जा सकता है। अब उनके केंद्र पर प्रतिदिन लगभग पांच किलो मशरूम तैयार हो रहा है।

सब्जी दुकानदारों को 150 तो ग्राहकों को 200 रुपये किलो बेच रहीं मशरूम

उत्पादन के साथ रीना ने स्थानीय बाजार में बिक्री का रास्ता भी तलाश लिया है। वह सब्जी विक्रेताओं को 150 रुपये प्रति किलो और सीधे आम ग्राहकों को 200 रुपये प्रति किलो की दर से मशरूम बेचती हैं। इससे उन्हें स्थानीय स्तर पर ग्राहक भी मिल रहे हैं। मशरूम के बीज की व्यवस्था वह अपने एक मित्र के माध्यम से करती हैं।

आरसेटी से प्रशिक्षण लेकर बनाया स्वरोजगार का रास्ता

रीना कुमारी के पति राहुल कुमार सिंह हैं। उनका मशरूम उत्पादन केंद्र भोजपुर के गांगी में संचालित है। आरसेटी कोइलवर से प्रशिक्षण लेने के बाद उन्होंने इस काम की बारीकियां समझीं और छोटे स्तर पर शुरुआत की। प्रशिक्षण से मिले ज्ञान और अपने अनुभव के आधार पर वह उत्पादन को आगे बढ़ा रही हैं।

नुकसान के बाद भी नहीं छोड़ा सपना, दूसरी कोशिश में मिली सफलता

रीना की कहानी की खासियत सिर्फ मशरूम उत्पादन नहीं, बल्कि असफलता के बाद दोबारा खड़े होने का उनका जज्बा है। पहली कोशिश में पूंजी डूबने के बावजूद उन्होंने काम छोड़ने के बजाय नए सिरे से शुरुआत की।

अब रोजाना पांच किलो तक उत्पादन उनके प्रयासों का परिणाम है। उनका यह सफर उन महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो घर से ही कम संसाधनों में स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं।

यह भी पढ़ें- कभी घर तक सीमित था हुनर, अब सोनपुर मेले में लगा रहीं स्टॉल; जीविका दीदियों की बदली पहचान

यह भी पढ़ें- पिता चलाते थे बक्सर में सैलून, बेटी बनी अफसर; चौथे प्रयास में ‍BPSC में हासिल किया 40वां रैंक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।