विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिता चलाते थे बक्सर में सैलून, बेटी बनी अफसर; चौथे प्रयास में ‍BPSC में हासिल किया 40वां रैंक

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:57 PM (IST)

बक्सर की प्रियंका कुमारी ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में 40वां रैंक हासिल कर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी का पद प्राप्त किया है। सैलून चलाने वाले पिता की बेटी प्रियंका ने चौथे प्रयास में यह सफलता पाई, जो उनकी लगन और मेहनत का परिणाम है।

चौथे प्रयास में पूरा किया अफसर बनने का सपना

चौथे प्रयास में पूरा किया अफसर बनने का सपना

HighLights

  1. बक्सर की प्रियंका कुमारी ने बीपीएससी में 40वां रैंक पाया।

  2. सैलून चलाने वाले पिता की बेटी बनीं जिला सांख्यिकी पदाधिकारी।

  3. चौथे प्रयास में हासिल की यह बड़ी सफलता, बनीं प्रेरणा।

जागरण संवाददाता, बक्सर। शहर के ज्योति चौक पर पिछले 23 वर्षों से सैलून चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले गंगा सागर ठाकुर की बेटी प्रियंका कुमारी ने अपनी मेहनत और लगन से सफलता की नई इबारत लिखी है।

बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में 40वां रैंक हासिल कर उन्होंने जिला सांख्यिकी पदाधिकारी का पद प्राप्त किया है। प्रियंका की इस उपलब्धि से न केवल परिवार, बल्कि पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।

चौथे प्रयास में पूरा किया अफसर बनने का सपना

प्रियंका ने यह मुकाम अपने चौथे प्रयास में हासिल किया। लगातार तीन प्रयासों में सफलता नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने लक्ष्य की ओर बढ़ती रहीं।

धैर्य, अनुशासन और निरंतर मेहनत के दम पर आखिरकार उन्होंने अपनी मंजिल हासिल कर ली। उनकी सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो असफलताओं के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं।

बक्सर में ही पूरी की शुरुआती पढ़ाई

तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ी प्रियंका की प्रारंभिक से लेकर उच्च शिक्षा तक की पढ़ाई बक्सर में ही हुई। उन्होंने एमपी हाई स्कूल से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद एमवी कॉलेज से इंटरमीडिएट और स्नातक की पढ़ाई पूरी की। आगे वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की।

पीटी की तैयारी घर से, मुख्य परीक्षा के लिए पटना का सफर

बीपीएससी की तैयारी के दौरान प्रियंका ने प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) की पढ़ाई घर से ही की। पीटी में सफलता मिलने के बाद मुख्य परीक्षा की बेहतर तैयारी और अभ्यास के लिए वह पटना जाती थीं। वहां उन्होंने टेस्ट सीरीज में हिस्सा लेकर अपनी तैयारी को मजबूत किया। लगातार अभ्यास और खुद पर भरोसे ने उन्हें सफलता के करीब पहुंचाया।

मेहनत के आगे कोई लक्ष्य मुश्किल नहीं : प्रियंका

अपनी सफलता पर प्रियंका कुमारी ने कहा कि मेहनत करने से कोई भी लक्ष्य दूर नहीं होता। उन्होंने निरंतर प्रयास और धैर्य को अपनी सफलता का आधार बताया। उनका मानना है कि असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

बेटी की सफलता से पिता का संघर्ष हुआ सार्थक

प्रियंका के पिता गंगा सागर ठाकुर पिछले 23 वर्षों से ज्योति चौक पर सैलून चलाते हैं। उन्होंने बेटी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि प्रियंका शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही है।

उसकी सफलता ने वर्षों के संघर्ष को सार्थक कर दिया है। वहीं, चाचा पिंटू ठाकुर ने इसे पूरे परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया। प्रियंका की सफलता की खबर मिलते ही घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।