विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 08, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आरा में ट्रक ने बिहार पुलिस जवान की बाइक में मारी टक्कर, सिपाही व पुत्र की मौत; पत्नी गंभीर रूप से जख्मी

By Deepak SinghEdited By: Aysha Sheikh
Published: Tue, 08 Aug 2023 09:06 AM (IST)

Bihar News सोमवार की देर रात अनियंत्रित ट्रक ने गुप्ता धाम से घर लौट रहे बाइक सवार बिहार पुलिस जवान ...और पढ़ें

आरा में ट्रक ने बिहार पुलिस जवान की बाइक में मारी टक्कर, सिपाही व पुत्र की मौत
आरा में ट्रक ने बिहार पुलिस जवान की बाइक में मारी टक्कर, सिपाही व पुत्र की मौत

जागरण संवाददाता, आरा: भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिहिया- बिहटा हाइवे पर रामदास टोला गांव स्थित पेट्रोल पंप के समीप सोमवार की देर रात अनियंत्रित ट्रक ने गुप्ता धाम से घर लौट रहे बाइक सवार बिहार पुलिस जवान, उनकी पत्नी व पुत्र को रौंद दिया।

हादसे में जवान व उनके पुत्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गई है। जख्मी 30 वर्षीय पत्नी का नाम आशा देवी है। उनको सदर अस्पताल, आरा में प्राथमिक उपचार करने के बाद गंभीर हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया है।

मृतकों में तीयर थाना क्षेत्र के हुलास टोला गांव निवासी बिहार पुलिस के जवान 35 वर्षीय रविंद्र कुमार एवं उनका 12 वर्षीय पुत्र रोहन कुमार शामिल है। मृतक रविंद्र कुमार बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर थे । वर्तमान में गया जिले में पोस्टेड थे।

दो अलग-अलग बाइक से गए थे गुप्ताधाम

इधर, मृतक जवान के चचेरे भाई संतोष कुमार सिंह ने बताया कि उनके भाई शनिवार को गया से वापस गांव आए थे। सोमवार की सुबह एक बाइक पर उनके भाई रविंद्र कुमार, उनकी पत्नी आशा देवी व पुत्र रोहन कुमार एवं दूसरी बाइक पर वे व उनकी पत्नी सवार होकर गुप्ता धाम जलाभिषेक के लिए गए थे।

सोमवार को घर लौटते हुए सभी ताराचंडी एवं शेरशाह का मकबरा देखते हुए बाइक से वापस गांव आ रहे थे। उस दौरान देर रात उन्होंने पीरो बाजार में खाना खाया था। इसके बाद वे लोग पीरो से गांव के लिए चले थे।

जैसे ही वे लोग बिहिया -बिहटा हाइवे पर रामदास टोला पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने रविंद्र कुमार की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रविंद्र कुमार व उनके पुत्र रोहन कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी आशा देवी गंभीर रूप से जख्मी हो गई।

पत्नी की हालत नाज़ुक, पटना रेफर

इसके बाद तीनों लोगों को सदर अस्पताल, आरा लाया गया। प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी पत्नी की हालत को चिंताजनक देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया, जिसके पश्चात स्वजन ने इसकी सूचना सदर अस्पताल में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया।