Bihar: चिराग पासवान की क्यों हो रही चर्चा? यहां 7 सीटों पर लोजपा रामविलास क्या कर रही तैयारी
Bihar मोदी सरकार के मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा रामविलास भागलपुर जिले की सातों विधानसभा सीटों पर अपनी तैयारी में जुटी है। लोजपा रामविलास के प्रत्याशी नाथनगर कहलगांव और भागलपुर नगर सीट पर वर्ष 2015 और 2020 के चुनाव में अपनी ताकत दिखा चुके हैं। बीते चुनाव में यहां सात में से 5 सीटें एनडीए ने जीती थीं।

कौशल किशोर मिश्र, भागलपुर। Bihar Chunav 2025 चिराग पासवान की अगुआई वाली पार्टी लोजपा रामविलास के कार्यकर्ता भागलपुर नगर समेत सातों विधानसभा सीट पर दमखम से चुनावी तैयारी में जुट गए हैं।
पार्टी सुप्रीमो केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी समेत पार्टी के कई दिग्गज भागलपुर और आसपास के संसदीय क्षेत्र का दौरा कर इस बात का संकेत पहले ही दे चुके हैं।
पार्टी ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन कर उन्हें इस बात के लिए सजग कर दिया है कि वे अपनी तैयारी सभी विधानसभा सीट पर बूथ वाइज करते रहें।
पार्टी अपनी तरफ से पूरी ताकत इस दिशा में झोंक रखी है कि उनकी तैयारी सभी सीटों पर रहेगी। अब गठबंधन धर्म में उनके खाते में चाहे जितनी सीटें आए लेकिन उनकी तैयारी सभी सीटों पर रहेगी।
भागलपुर की नगर सीट के अलावा कहलगांव, पीरपैंती, नाथनगर, सुल्तानगंज, गोपालपुर और बिहपुर विधानसभा सीट में कहलगांव, भागलपुर और नाथनगर सीट पर पार्टी प्रत्याशी पूर्व के चुनाव में अपनी वोटों की ताकत दिखा चुके हैं।
बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट को आधार मानकर पार्टी अपनी राजनीतिक लाइन पहले से तैयार कर रखी है। गठबंधन धर्म में यदि विपरीत परिस्थितियां आती है तो भी पार्टी कार्यकर्ता पूरी दमखम से विधानसभा की सीटों पर अपनी ताकत का प्रदर्शन कर सकेंगे।
इसलिए लोजपा रामविलास बूथ स्तर पर प्रत्येक विधानसभा सीटों पर अपनी तैयारी करनी शुरू कर दी है। खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने पार्टी प्रत्याशी के तौर पर भागलपुर नगर सीट पर जो दमदार उपस्थिति पूर्व के चुनाव में दिखाई थी। वह पार्टी जनाधार की ताकत दिखाता है।
नाथनगर विधानसभा सीट के लिए चुनाव मैदान में दो बार किस्मत आजमाने वाले लोजपा नेता अमर सिंह कुशवाहा ने भी अच्छा-खासा वोट लाकर ताकत दिखा चुके हैं।
कहलगांव विधानसभा सीट पर भी लोजपा प्रत्याशी पूर्व के चुनाव में ताकत प्रदर्शित कर चुके हैं। इसलिए इन तीन विधानसभा सीटों में अंदर ही अंदर पार्टी के कई संभावित नेता खुद को पार्टी के संभावित प्रत्याशी के तौर पर प्रदर्शित करने लगे हैं।
भागलपुर नगर और नाथनगर विधानसभा सीट से खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा के करीबी नेता खुद को चुनावी रेस में लाने लगे हैं।
अगर नगर सीट से लोजपा की प्रत्याशा सामने आती है तो विष्णु वर्मा, संतोष कुमार साह, डा. संगीता तिवारी के नाम की दावेदार मजबूती से सामने आ सकती है।
नाथनगर विधानसभा सीट पर पार्टी की प्रत्याशा सामने आने पर अमर सिंह कुशवाहा और विजय यादव की दावेदारी मजबूती से सामने आएगी।
कहलगांव विधानसभा सीट और नाथनगर विधानसभा सीट पर जदयू, राजद के वैसे चंद असंतुष्ट नेता भी पार्टी सुप्रीमो चिराग पासवान, प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी से संपर्क साधने लगे हैं जो अपने जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष की कार्यशैली से नाराज चल रहे हैं।
पार्टी के ऐसे असंतुष्ट नेताओं का कहना है कि ये लोग संभावित प्रत्याशी के नामों की सूची में कुछ नाम डालने के बहाने अपनी उल्लू सीधा कर रहे हैं।
अब टिकट किन्हें मिलेगा किन्हें नहीं यह तो गठबंधन धर्म और पार्टी की संसदीय बोर्ड के फैसले और पार्टी सुप्रीमो के अंतिम मुहर पर निर्भर करेगी।
बहरहाल लोजपा ने कहलगांव में वर्ष 2015 में नीरज कुमार मंडल को अपना प्रत्याशी बनाया था जिन्होंने 43 हजार 752 वोट लाकर दूसरे स्थान पर रहे थे।
नाथनगर विधानसभा सीट पर पार्टी प्रत्याशी अमरनाथ प्रसाद उर्फ अमर सिंह कुशवाहा ने 58 हजार 650 वोट लाकर दूसरे स्थान पर थे।
वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में नगर सीट पर राजेश वर्मा पार्टी प्रत्याशी के रूप में 20523 वोट लाकर तीसरे स्थान पर थे। नाथनगर सीट पर पार्टी प्रत्याशी अमर सिंह कुशवाहा को 14715 वोट मिले थे।
अब 2025 के विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन कार्यकर्ताओं की बूथ स्तर पर सधी चुनावी तैयारी को देखते हुए दमदार होने की संभावना बन रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।